जमीन विवाद में लोहे की रॉड और डंडों से परिवार को पीटा, महिलाओं-बुजुर्गों पर हमला,पुलिस पर पक्षपात का आरोप
चंदौली के गंगा रोड पर जमीन विवाद में रसूखदारों ने एक परिवार पर लोहे की रॉड और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में बुजुर्ग और महिला घायल हुए हैं। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
गंगा रोड पर हिंसक जमीन विवाद
लोहे की रॉड से जानलेवा हमला
सरेराह मारपीट का वीडियो आया सामने
पुलिस पर पक्षपात का गंभीर आरोप
चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित गंगा रोड पर रविवार को जमीन से जुड़ा एक पुराना विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रसूखदार दूसरे पक्ष के कई लोगों ने गोलबंद होकर उनके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। दबंगों ने महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों तक को नहीं बख्शा और बेरहमी से मारपीट की।
चंदौली में गंगा रोड पर हिंसक जमीन विवाद
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 23, 2026
लोहे की रॉड से जानलेवा हमला
सरेराह मारपीट का वीडियो आया सामने
पुलिस पर पक्षपात का गंभीर आरोप@Uppolice @chandaulipolice @cosadarcdi @IgRangeVaranasi pic.twitter.com/ZSBPZ8ZhKB
सरेराह मारपीट में बुजुर्ग घायल, महिला हुई बेहोश
पीड़िता अंजू देवी ने बताया कि रसूखदार पक्ष के लोगों ने अचानक लोहे की रॉड और लाठी-डंडों के साथ उन पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट में घर के एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला मौके पर ही बेहोश हो गई। घायलों को तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

पीड़ित परिवार का पुलिस पर पक्षपात का आरोप
पीड़ित अजीत कुमार ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद को दूसरे पक्ष ने सोची-समझी रणनीति के तहत हिंसक रूप दिया। उनका कहना है कि घटना की तत्काल सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस प्रशासन की तरफ से कार्रवाई में पक्षपात किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने अब पुलिस और राजस्व विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच पड़ताल में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच-पड़ताल की जा रही है। सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







