28 और 29 जुलाई को चंदौली-वाराणसी रूट पर बदला रहेगा ट्रैफिक: गुरु पूर्णिमा होगा डायवर्जन, निकलने से पहले पढ़ें पूरी एडवाइजरी
गुरु पूर्णिमा पर्व पर चंदौली यातायात पुलिस ने सुगम आवागमन के लिए 28 जुलाई शाम 6 बजे से 29 जुलाई रात 12 बजे तक रूट डायवर्जन लागू किया है। हाईवे, पड़ाव, मुगलसराय और नए सरकार मठ के पास विशेष यातायात व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
गुरु पूर्णिमा पर चंदौली में ट्रैफिक का रूट डायवर्जन लागू
28 जुलाई शाम से 29 जुलाई रात तक लागू रहेगा प्लान
वाराणसी और पड़ाव जाने वाले भारी वाहनों का बदला रास्ता
पड़ाव और लंका मैदान की तरफ रहेगी ट्रकों की नो-एंट्री
नये सरकार मठ के पास श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूट प्लान
आगामी गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर चंदौली जिले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और आवागमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की पूरी तैयारी कर ली है। यातायात पुलिस चंदौली द्वारा जिले में 28 जुलाई 2026 की शाम 6:00 बजे से लेकर 29 जुलाई 2026 की रात 12:00 बजे (24:00 बजे) तक विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। इसका मुख्य मकसद पड़ाव, मुगलसराय और शहर के अन्य इलाकों में जाम की स्थिति से बचना है।
हाईवे और रिंग रोड से गुजरने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
बिहार की तरफ से एनएच-19 हाईवे होकर मुगलसराय और पड़ाव के रास्ते वाराणसी जाने वाले वाहनों को पचफेड़वा आलमपुर से सर्विस लेन पर नहीं जाने दिया जाएगा; ये वाहन सीधे एनएच-19 हाईवे से होकर वाराणसी जाएंगे। वहीं, बिहार और चंदौली हाईवे की तरफ से आने वाले ऐसे चार पहिया और मालवाहक वाहन, जो वाराणसी, सारनाथ, बाबतपुर एयरपोर्ट, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ या बलिया जाना चाहते हैं, वे वाराणसी शहर में न जाकर सीधे रिंग रोड पचफेड़वा से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
मुगलसराय और चकिया तिराहे के पास बदला रहेगा रास्ता
गोधना चौराहे से भारी व मालवाहक वाहन जो मुगलसराय-पड़ाव होकर वाराणसी जाना चाहते हैं, उन्हें एनएच-19 हाईवे से वाराणसी की तरफ भेजा जाएगा। केवल ट्रेन पकड़ने पीडीडीयू जंक्शन जाने वाले छोटे वाहनों या चार पहिया गाड़ियों को छूट रहेगी। इसके अलावा, गंजी प्रसाद (चकिया तिराहा) से पड़ाव की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोधना से एनएच-19 हाईवे की तरफ डाइवर्ट कर दिया जाएगा।
पड़ाव, लंका मैदान और कोयला मंडी में नो-एंट्री प्रभावी
मुगलसराय से पड़ाव जाने वाले वाहनों को एफसीआई/सनबीम तिराहे से डाइवर्ट कर साहूपुरी और पीएसी तिराहा होते हुए हाईवे से वाराणसी भेजा जाएगा। 28 जुलाई शाम 6:00 बजे से 29 जुलाई रात 12:00 बजे तक लंका मैदान से रामनगर होकर पड़ाव जाने वाले भारी वाहनों तथा कोयला मंडी से पड़ाव की तरफ जाने वाले ट्रकों पर पूरी तरह से नो-एंट्री प्रभावी रहेगी। साथ ही, कोयला मंडी से पड़ाव तक के व्यापारियों, आढ़तियों और ट्रांसपोर्टरों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी ट्रकों को मुख्य सड़क पर पार्क न करें, बल्कि सर्विस लेन या अपने कोयला गोदामों में ही खड़ी करें।
चंदौली कस्बे स्थित नये सरकार मठ के लिए विशेष रूट प्लान
कस्बा चंदौली स्थित नये सरकार मठ पर गुरु पूर्णिमा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी। बिछिया कट से पुलिस कार्यालय या पुलिस लाइन की तरफ आने वाले वाहनों को पावर हाउस अंडरपास से वापस मोड़ दिया जाएगा। वहीं, सकलडीहा की ओर से आने वाले वाहन रेलवे ब्रिज दक्षिणी से होकर कमलापति त्रिपाठी अंडरपास या सर्विस लेन से आगे बढ़ेंगे; इन वाहनों को कचहरी व पुलिस ऑफिस की तरफ आने की अनुमति नहीं होगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








