चंदौली की बेटियों को अब नहीं होगा सर्वाइकल कैंसर: एचपीवी वैक्सीन का भव्य शुभारंभ, जानें किसे और कहाँ लगेगा टीका
चंदौली में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी (HPV) वैक्सीन अभियान शुरू हो गया है। 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को राजकीय महिला चिकित्सालय सहित ब्लॉक केंद्रों पर यह जीवनरक्षक टीका नि:शुल्क लगाया जाएगा।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीका
14 से 15 वर्ष की किशोरियों को सिंगल डोज
राजकीय महिला चिकित्सालय में टीकाकरण का शुभारंभ
पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है एचपीवी वैक्सीन
U-WIN पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग की सुविधा
चंदौली जिले में भारत सरकार के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत चंदौली जिले में बेटियों के सुनहरे और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। जनपद में मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 को एचपीवी (HPV) वैक्सीन का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करना है।

राजकीय महिला चिकित्सालय में हुआ शुभारंभ
टीकाकरण अभियान का औपचारिक उद्घाटन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अमित दुबे द्वारा राजकीय महिला चिकित्सालय (मुगलसराय) में फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर डॉ. शिव कुमार चतुर्वेदी (प्रभारी चिकित्साधिकारी) सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। डॉ. दुबे ने बताया कि यह वैक्सीन 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को 'सिंगल डोज' (Gardasil4) के रूप में लगाई जाएगी।
टीकाकरण का समय और सुरक्षा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राजकीय महिला चिकित्सालय मुगलसराय में यह वैक्सीन प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को लगाई जाएगी। डॉ. अमित दुबे ने स्पष्ट किया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं है। टीका लगने के बाद हल्का बुखार आना सामान्य है, जो इस बात का संकेत है कि शरीर में वैक्सीन प्रभावी रूप से कार्य कर रही है। यह टीका महिलाओं को भविष्य में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से पूरी तरह सुरक्षित रखने में सक्षम है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण अनिवार्य
अभिभावकों की सुविधा के लिए इस टीकाकरण प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। लाभार्थी U-WIN (https://uwin.mohfw.gov.in/home) पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं और अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं।
अभिभावकों से विशेष अपील
अभियान के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने जनपद के समस्त अभिभावकों से भावुक अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को नजदीकी ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर यह टीका अवश्य लगवाएं। इस छोटे से कदम से बेटियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त रखा जा सकता है। कार्यक्रम में जेएसआई राकेश सिंह कुशवाहा, आशिफ कलाम, मनीष सिंह सहित आशा कार्यकत्रियां और चिकित्सा स्टाफ मौजूद रहा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







