चंदौली में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का 'उड़ान पावर प्ले' कार्यक्रम: रिकॉर्ड खाते खोलने पर अरुण मौर्य समेत 6 आईबीसी सम्मानित
चंदौली में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के 'उड़ान पावर प्ले' कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह आईबीसी को सम्मानित किया गया। जिले में सबसे ज्यादा खाते खोलने पर अरुण कुमार मौर्य को विशेष पुरस्कार मिला।
उड़ान पावर प्ले में सम्मान
छह उत्कृष्ट आईबीसी हुए पुरस्कृत
अरुण कुमार मौर्य ने मारी बाजी
बिना पैन कार्ड खुलेगा खाता
डिजिटल बैंकिंग पर विशेष जोर
चंदौली जिले में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (IPPB) की तरफ से 'उड़ान पावर प्ले' कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। इस मौके पर चंदौली डाक मंडल में बेहतरीन काम करने वाले और गांवों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने वाले छह इंडिविजुअल बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट (आईबीसी) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के मैनेजर ओम नारायण गुप्ता ने इन सभी को प्रशस्ति पत्र और स्मृति शील्ड देकर उनका हौसला बढ़ाया। सम्मानित होने वालों में अरुण कुमार मौर्य, फजल हयात, कुमकुम, राकेश श्रीवास्तव, सूरज और शिव प्रकाश शामिल रहे।

खाते खोलने में अरुण मौर्य ने जिला स्तर पर मारी बाजी
इस सम्मान समारोह में बबुरी रोड स्थित 'प्रिया कंप्यूटर जनसेवा केंद्र' के संचालक और आईबीसी अरुण कुमार मौर्य आकर्षण का केंद्र रहे। अरुण कुमार मौर्य ने पूरे चंदौली जिले में सबसे ज्यादा इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के खाते खोलने का रिकॉर्ड बनाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर बैंक के मैनेजर और वहां मौजूद अन्य सहयोगियों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

बिना पैन कार्ड के भी आसानी से खुलेगा बैंक खाता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैंक मैनेजर ओम नारायण गुप्ता ने एक बेहद महत्वपूर्ण और काम की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अब 18 वर्ष से कम या उससे अधिक उम्र के युवाओं का इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में खाता खोलने के लिए पैन कार्ड की अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है। अब बिना पैन कार्ड के भी एनपीसीआई (NPCI) आधारित प्रक्रिया के जरिए बहुत ही आसानी से बैंक खाता खोला जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।

सरकारी योजनाओं का सीधे खाते में मिलेगा लाभ
मैनेजर ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि इस खाते के जरिए लोग छात्रवृत्ति, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन समेत केंद्र व राज्य सरकार की तमाम लाभार्थी योजनाओं का पैसा सीधे अपने खाते में पा सकते हैं। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग का दायरा बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में अरुण कुमार, चंदन कुमार, आशीष मिश्रा, सुनील कुमार समेत कई बैंक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








