चंदौली-बबुरी मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना: पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, 1 बच्चे की जान गई और दूसरा ट्रॉमा सेंटर रेफर
जसुरी हनुमान मंदिर के पास सड़क दुर्घटना
तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो में मारी टक्कर
इकलौते मासूम दीपक यादव की दर्दनाक मौत
गंभीर घायल बच्चा ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर
बबुरी रोड पर तेज रफ्तार से हादसे का डर
चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बबुरी रोड पर जसुरी गांव के पास बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। जसुरी हनुमान मंदिर और नहर के पास तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रहे एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार के साथ अफरा-तफरी मच गई।
मेला देखकर लौट रहे थे ऑटो सवार
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक विनोद यादव चंदौली से मेला दिखाकर सवारियों को वापस लेकर आ रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो जसुरी नहर के पास पहुंचा, तभी बबुरी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल भेजा गया।
परिवार का बुझ गया इकलौता चिराग
इस दर्दनाक हादसे में आलमपुर निवासी दीपक यादव नाम के मासूम बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दीपक अपने ननिहाल जसुरी गांव में बनारसी बाबा के यहां आया हुआ था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में रोना-पिटना मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं दुर्घटना में घायल दूसरे बच्चे की हालत बेहद नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों के खिलाफ भारी रोष जताया। लोगों का आरोप है कि बबुरी रोड पर सब्जी लेकर मंडी जाने वाली पिकअप गाड़ियां अक्सर बेकाबू रफ्तार से चलती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बीते एक साल में इस सड़क पर यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से ओवरस्पीडिंग रोकने और सख्त सुरक्षा कदम उठाने की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








