जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

बहन से राखी बंधवाने जा रहे भाई की सड़क हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कंदवा के कंजेहरा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 36 वर्षीय रवींद्र गुप्ता की मौत हो गई। रवींद्र अपनी बहन से राखी बंधवाने गाजीपुर जा रहे थे, तभी चार पहिया वाहन से टक्कर हो गई। जानिए पूरी खबर।
 

बहन से राखी बंधवाने जा रहे बाइक सवार की दर्दनाक मौत

कंदवा के कंजेहरा के पास चार पहिया वाहन से हुई सीधी टक्कर

चारी गांव निवासी 36 वर्षीय रवींद्र गुप्ता के रूप में हुई पहचान

रक्षाबंधन से ठीक पहले घर में छाया मातम, परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने चार पहिया वाहन और चालक को लिया कब्जे में

चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। बहन की कलाई पर रक्षासूत्र बंधने से पहले ही कंदवा के कंजेहरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। एक चार पहिया वाहन से जोरदार टक्कर में चारी गांव निवासी 36 वर्षीय रवींद्र गुप्ता पुत्र सत्यनारायण गुप्ता की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।

बहन के घर जाते समय सामने से टकराई गाड़ी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारी गांव निवासी रवींद्र अपनी मोटरसाइकिल से सैयदराजा-जमानिया मार्ग होते हुए धुस्का (गाजीपुर) अपनी बहन से राखी बंधवाने जा रहे थे। जैसे ही वह कंजेहरा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी से उनकी बाइक की आमने-सामने सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रवींद्र सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चार पहिया वाहन को उसके चालक सहित अपने कब्जे में ले लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

मातम में बदली रक्षाबंधन की खुशियां
हादसे की खबर जैसे ही चारी गांव पहुंची, पूरे इलाके और परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी रिंकी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। उधर गाजीपुर में भाई के आने का इंतजार कर रही बहन जैसे ही भाई की मौत की खबर सुनी, वह अचेत हो गई। चार भाइयों में सबसे छोटे रवींद्र अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। रक्षाबंधन के दिन घटी इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*