जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

शादी समारोह से लौट रहे चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में मौत, कर्मनाशा के पास हादसे में घोसवां के 2 लोगों की मौत

शादी समारोह से घर लौट रहे चाचा-भतीजे की कर्मनाशा में भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी।   

 
 

कर्मनाशा विद्युत उपकेंद्र के पास दर्दनाक सड़क हादसा

शादी से लौटते समय चाचा और भतीजे की मौत

अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक से टकराई बाइक

हादसे के बाद मौका देखकर ट्रक चालक फरार

कंदवा के घोसवा गांव में छाया गहरा मातम

चंदौली जिले के यूपी-बिहार के कर्मनाशा क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे चाचा-भतीजे की शनिवार की देर रात सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा कर्मनाशा स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास हुआ, जहां उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही जान चली गई।   

विद्युत उपकेंद्र के पास अनियंत्रित हुई बाइक
हादसे का शिकार हुए युवक कंदवा थाना क्षेत्र के घोसवा गांव के रहने वाले थे। स्व. विजय बहादुर सिंह के 28 वर्षीय पुत्र अभिमन्यु सिंह अपने 18 वर्षीय भतीजे प्रिंस सिंह (पुत्र स्व. हनुमान सिंह) के साथ एक रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे। वे रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिझुआ कलानी गांव निवासी दिनेश सिंह की भतीजी की शादी में शामिल होने कुल्हड़ियां स्थित आनंद लॉन पहुंचे थे। समारोह के बाद देर रात जब वे बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी कर्मनाशा विद्युत उपकेंद्र के पास यह दुर्घटना हो गई।   

टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर हुआ फरार
दुर्घटना के बाद मौके का फायदा उठाकर ट्रक चालक अपने वाहन समेत तेजी से फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों के शवों को अपने गांव घोसवा ले आए। एक साथ परिवार के दो नौजवानों की असमय मौत की खबर से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और स्वजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। शादी के घर से लौट रहे युवकों की इस तरह अचानक मौत से हर कोई गहरे सदमे में है।   


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अभिमन्यु सिंह शादीशुदा थे और उनकी एक छोटी बेटी है, जबकि भतीजा प्रिंस सिंह अभी अविवाहित था। एक ही परिवार के दो चिरागों के इस तरह अचानक बुझ जाने से घोसवा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घर की महिलाओं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। जिस परिवार में कुछ देर पहले तक शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब सिर्फ गम का माहौल छाया हुआ है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*