चंदौली के किसानों को मिलेगा खरीफ फसल के लिए मुफ्त मिनीकिट, बीजों के लिए बुकिंग शुरू, ऐसे उठाएं लाभ
चंदौली में खरीफ सीजन के लिए धान, अरहर और मूंग समेत विभिन्न फसलों के बीजों का लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। किसान 10 मई तक कृषि विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग कर सरकारी अनुदान और मिनीकिट का लाभ उठा सकते हैं।
खरीफ बीजों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा
10 मई 2026 है आवेदन की अंतिम तिथि
राजकीय बीज गोदामों पर बीजों की उपलब्धता
निशुल्क मिनीकिट योजना का सुनहरा अवसर
कृषि विभाग की वेबसाइट पर कराएं पंजीकरण
चंदौली में खरीफ सीजन 2026 की शुरुआत के साथ ही जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर आई है। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि जनपद के किसानों को उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित करने हेतु विभिन्न फसलों के बीज और निशुल्क मिनीकिट का लक्ष्य प्राप्त हो चुका है। किसान अपनी जरूरत के अनुसार कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।

10 मई तक खुला है ऑनलाइन पोर्टल
कृषि विभाग के अनुसार, जनपद के किसान भाई ढैंचा, धान, अरहर, मूंग, उर्द, सावां, कोदो, रागी, बाजरा और मक्का जैसी महत्वपूर्ण फसलों के बीज की बुकिंग कर सकते हैं। यह बुकिंग प्रक्रिया www.agriculture.up.gov.in पर 22 अप्रैल से ही संचालित है, जिसकी अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित की गई है। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते अपनी बुकिंग सुनिश्चित करें ताकि उन्हें राजकीय बीज गोदामों से बीज प्राप्त करने में असुविधा न हो।
विभिन्न फसलों का लक्ष्य और वर्तमान स्थिति
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद में अब तक हुई बुकिंग का विवरण भी साझा किया है।
अरहर: 5200 पैकेट के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 573 पैकेट की बुकिंग हो चुकी है।
ढैंचा: 7850 पैकेट के सापेक्ष 5752 की बुकिंग हुई है।
धान (सामान्य): 12138 के सापेक्ष 3420 की बुकिंग दर्ज की गई है।
इसके अतिरिक्त अरहर मिनीकिट (846 बुकिंग), उर्द मिनीकिट (215 बुकिंग) और मूंग मिनीकिट (214 बुकिंग) के लिए किसानों ने भारी उत्साह दिखाया है। सावां, कोदो, रागी और मक्का के बीजों के लिए भी बुकिंग प्रक्रिया जारी है।
राजकीय बीज गोदामों पर बीजों की उपलब्धता
कृषि विभाग ने बीजों की आपूर्ति को लेकर भी स्पष्ट किया है। जनपद में अब तक 438.80 क्विंटल ढैंचा बीज प्राप्त हो चुका है, जिसे सभी राजकीय बीज गोदामों पर भेज दिया गया है। वहीं, धान के बीजों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। 8 मई 2026 तक समस्त राजकीय बीज गोदामों पर धान का उन्नत बीज किसानों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा।
किसानों से विशेष अपील
जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने समस्त कृषक भाइयों से अनुरोध किया है कि सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए वे जल्द से जल्द वेबसाइट पर पंजीकरण कराएं। जो किसान समय से बुकिंग करेंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बीजों और मिनीकिट का वितरण किया जाएगा, जिससे वे समय पर अपनी खरीफ फसलों की बुवाई संपन्न कर सकें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








