चंदौली नगर पंचायत में 'स्वच्छता के सिपाहियों' की बस्ती खुद बदहाल: खुद सफाईकर्मी भी गंदगी में रहने को मजबूर
चंदौली के किदवई नगर दलित बस्ती में रहने वाले सफाई कर्मी खुद मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। जर्जर सड़कें, बजबजाती नालियां और पेयजल की किल्लत से लोग परेशान हैं। प्रशासन से गुहार के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा। पूरी खबर पढ़ें।
किदवई नगर की दलित बस्ती बदहाल
जलजमाव और बजबजाती नालियों से परेशानी
जर्जर सड़कों से आवागमन हुआ बाधित
नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल
स्थायी जल निकासी की पुरजोर मांग
चंदौली नगर को स्वच्छ और साफ रखने की जिम्मेदारी संभालने वाले सफाई कर्मचारी खुद गंदगी और बदहाल व्यवस्थाओं के बीच रहने को मजबूर हैं। नगर पंचायत क्षेत्र के किदवई नगर स्थित सफाई कर्मियों और दलित बस्ती में मूलभूत सुविधाओं का भारी अभाव देखा जा रहा है। बजबजाती नालियों, जलभराव और जर्जर रास्तों के कारण स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर हो चुका है।
जल निकासी न होने से बढ़ता हादसों और बीमारी का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस्ती में जल निकासी का कोई सही इंतजाम नहीं है। बारिश के दिनों में नालियों का गंदा पानी रास्तों पर बहने लगता है, जिससे दुर्गंध फैलती है और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। दूषित पानी और पेयजल की किल्लत के चलते आए दिन बीमारियां फैल रही हैं। इसके अलावा, जलजमाव वाले नालों में गिरकर बच्चे अक्सर चोटिल हो जाते हैं।
जर्जर सड़कें और प्रशासनिक अनदेखी से रोष
बस्ती की सड़कें और रास्ते लंबे समय से टूटे-फूटे और जर्जर हाल में पड़े हैं। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। लोगों का कहना है कि शहर को चमकाने वाले सफाईकर्मियों की अपनी ही बस्ती में स्वच्छता अभियान पूरी तरह दम तोड़ रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष पर उपेक्षा का आरोप
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि अध्यक्ष नगर की मुख्य व्यवस्थाओं पर ध्यान देने के बजाय अपने चहेतों की खातिरदारी में व्यस्त रहते हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पंचायत से बस्ती का तुरंत स्थलीय निरीक्षण कर नाली, पक्की सड़क और जल निकासी की समस्याओं को जल्द हल करने की मांग की है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







