KVK में 18 सितंबर को राज्य स्तरीय मधुमक्खी पालक सम्मेलन, 50 किसानों को मिलेगी स्पेशल ट्रेनिंग
कृषि विज्ञान केंद्र चंदौली में 18 सितंबर 2026 को राज्य स्तरीय मधुमक्खी पालक सम्मेलन और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें 50 किसानों को वैज्ञानिक तकनीक से शहद उत्पादन और स्वरोजगार के तरीके सिखाए जाएंगे। रजिस्ट्रेशन के लिए पढ़ें पूरी खबर...
कृषि विज्ञान केंद्र चंदौली में 18 सितंबर को सम्मेलन
50 प्रगतिशील और इच्छुक किसानों को दी जाएगी ट्रेनिंग
वैज्ञानिक तकनीक से शहद उत्पादन और कीट प्रबंधन की जानकारी
'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगा रजिस्ट्रेशन
फोन नंबर पर कॉल कर तुरंत करा सकते हैं पंजीकरण
चंदौली जिले के किसानों को स्वरोजगार और अतिरिक्त आय से जोड़ने के लिए एक बेहतरीन पहल की जा रही है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज (अयोध्या) के तत्वावधान में 18 सितंबर 2026 को कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), चंदौली परिसर में एक दिवसीय राज्य स्तरीय मधुमक्खी पालक सम्मेलन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

वैज्ञानिक तरीकों से शहद उत्पादन और कीट प्रबंधन की मिलेगी जानकारी
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य मकसद जिले के किसानों को व्यावसायिक और वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन सिखाना है। सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञों द्वारा मधुमक्खी कॉलोनी का बेहतर प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण शहद उत्पादन, मधुमक्खियों में लगने वाले रोग तथा कीटों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। इससे किसान कम लागत में मधुमक्खी पालन अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे।
केवल 50 किसानों को मिलेगा मौका, 'पहले आओ-पहले पाओ' पर पंजीकरण
इस राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में चंदौली जिले के लगभग 50 प्रगतिशील और मधुमक्खी पालन में रुचि रखने वाले इच्छुक किसानों को ही शामिल किया जाएगा। केंद्र की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सीटों की संख्या सीमित (50 सीट) है। इसलिए प्रशिक्षण में केवल उन्हीं किसानों को बैठने का मौका मिलेगा, जिन्होंने पहले से अपना रजिस्ट्रेशन कराया होगा। पंजीकरण 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जा रहा है।
घर बैठे फोन से कराएं रजिस्ट्रेशन
अगर आप भी मधुमक्खी पालन के जरिए अपनी आय बढ़ाना चाहते हैं, तो मोबाइल फोन के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। पंजीकरण और प्रशिक्षण से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी के लिए किसान मोबाइल नंबर 8810213273 और 8574525793 पर संपर्क कर सकते हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







