जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चकिया-चंदौली रोड पर कांटा साइफन के पास हादसे में मनोज कुमार विश्वकर्मा की दर्दनाक मौत

मंगलवार की शाम को घर पर वापस लौटते समय कांटा साइफन के पास अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी। जिसे वह जख्मी होकर सड़क पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
 

लर्निंग डीएल बनवाने चंदौली गया था मनोज

रात साढ़े 8 बजे के बाद से टूट गया था संपर्क

रात 12 बजे परिवार के लोगों को मिली एक्सीडेंट की सूचना

चंदौली जिले के चकिया-चंदौली मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिरेहूं गांव निवासी मनोज कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। मनोज की 11 महीने पहले ही शादी हुई थी। एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल चंदौली के शवगृह में भेजने के पहले शिनाख्त करने की कोशिश की और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

मनोज कुमार विश्वकर्मा की पहचान के बाद परिजनों ने बताया कि वह लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए चंदौली आरटीओ ऑफिस गया था। इसके बाद वह अपने आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट कराने लगा, जिसमें अधिक समय लग गया और उसके बाद वह रात में अपने घर वापस लौट रहा था।

घटना के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया है कि मंगलवार की शाम को घर पर वापस लौटते समय कांटा साइफन के पास अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी। जिसे वह जख्मी होकर सड़क पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज का शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लोगों ने कहा कि एक्सीडेंट के बाद करीब चार घंटे तक उनका शव सड़क पर पड़ा रहा। किसी ने कोई मदद नहीं की।

मृतक के पिता शैलेश चंद्र शर्मा ने बताया कि रात साढ़े 8 बजे के बाद मनोज से संपर्क टूट गया। उन्होंने कई बार फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। तब परिवार ने सोचा कि वह किसी दोस्त के यहां रुक गए होंगे। इसके बाद रात 12 बजे पुलिस ने फोन कर दुर्घटना की सूचना दी।

पुलिस ने शव को जिला अस्पताल चंदौली के शवगृह में पहुंचा दिया है। परिजनों को जैसे ही खबर मिली, अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पता चला कि मनोज की 11 महीने पहले ही शादी हुई थी। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*