चंदौली में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, आधा दर्जन बकरियां भी मरीं
राउतपुर गांव में हुआ दर्दनाक हादसा
25 वर्षीय पवन यादव की गई जान
बकरियां चराते समय हुई दुर्घटना
आधा दर्जन बकरियां मौके पर ही मरीं
परिजनों में मचा कोहराम
चंदौली जनपद के राउतपुर गांव में बुधवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में उसकी आधा दर्जन बकरियां भी मौके पर ही मारी गईं। अचानक हुई इस दुर्घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
आपको बता दें कि घटना बुधवार शाम लगभग 6 बजे की है। जानकारी के अनुसार, राउतपुर निवासी 25 वर्षीय पवन यादव अपनी बकरियां चराने सिवान की ओर गया था। इस दौरान आसमान में बादल घिरने लगे और तेज गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए पवन ने छाता खोल लिया और बकरियां भी उसके पास आकर खड़ी हो गईं।
इसी बीच अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आकर पवन गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसके साथ चर रही करीब आधा दर्जन बकरियां मौके पर ही मर गईं। ग्रामीणों की मदद से परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया।
इस संबंध में सदर कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








