मिशन शक्ति के तहत जिले में चल रहा अभियान, जगह-जगह जाकर दी जा रही है जानकारी
मिशन शक्ति फेज-5 के तहत शुरू हुआ अभियान
सभी थानों की एंटी-रोमियो टीमों ने लिया भाग
महिलाओं और बालिकाओं को योजनाओं की दी जानकारी
चंदौली जिले के महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के अंतर्गत जनपद चंदौली में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की एंटी-रोमियो टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में चौपाल व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

इस दौरान थाना मुगलसराय की टीम ने रामकृष्ण महिला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में, थाना धानापुर की टीम ने शहीद हीरा सिंह पीजी कॉलेज में, थाना बबुरी की टीम ने विद्यालयों और दुर्गा पूजा पंडालों में, थाना धीना की टीम ने हरिद्वार इंटर कॉलेज बखनियों में, थाना चंदौली की टीम ने ग्राम मधुपुर में, थाना सैयदराजा की टीम ने ग्राम फेसुड़ा पंचायत भवन में, थाना चकिया की टीम ने थाना परिसर में, थाना सकलडीहा की टीम ने सकलडीहा इंटर कॉलेज में, थाना कंदवा की टीम ने बीएनएस इंटर कॉलेज जलालपुर में और थाना बलुआ की टीम ने सेंट जोसेफ स्कूल भगवानपुर में चौपाल आयोजित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्युपरांत निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने समझाया कि इन योजनाओं के जरिए महिलाएं आर्थिक, सामाजिक और कानूनी मदद प्राप्त कर सकती हैं।

इसके साथ ही महिलाओं को संरक्षण प्रदान करने वाले प्रमुख कानूनों के बारे में भी जागरूक किया गया। इनमें घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 (संशोधित 1986), और गर्भधारण पूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994 शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्रों का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना, उनकी समस्याओं का निस्तारण करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। चौपालों के माध्यम से महिलाएं और बालिकाएं सीधे पुलिस से जुड़ पा रही हैं और उन्हें अपने अधिकारों व योजनाओं की जानकारी भी मिल रही है।

जनपद चंदौली पुलिस का यह प्रयास महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज में सुरक्षित माहौल तैयार करने की दिशा में सराहनीय कदम है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







