जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
 

स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में चौपाल और रैली का आयोजन

बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई

गुड टच-बैड टच

घरेलू हिंसा और साइबर अपराध पर चर्चा

चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में और पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा गौतम की उपस्थिति में थाना इलिया एवं समस्त थानों की महिला पुलिसकर्मियों ने मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना, उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उनके कानूनी अधिकारों एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है।

इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में चौपाल और रैली का आयोजन किया गया। थाना इलिया की टीम ने मंगल विद्या इंटर कॉलेज में, थाना सकलडीहा की एंटी रोमियो टीम ने भारतीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में, तथा थाना मुगलसराय, शहाबगंज, चंदौली, कन्दवा, बबुरी और अलीनगर की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बालिकाओं और महिलाओं को जागरूक किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने पम्पलेट वितरित कर हेल्पलाइन नंबर और सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में हेल्पलाइन नंबर जैसे 1090 (वूमेन पॉवर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 108 (एम्बुलेंस), 1098 (चाइल्ड लाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सहायता प्रदान करने की जानकारी दी गई। इसके अलावा गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और महिलाओं के कानूनी अधिकारों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। अभियान के दौरान नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

इस पहल से न केवल महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया, बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं और कानूनी प्रावधानों के माध्यम से सुरक्षा और सहायता प्राप्त करने की दिशा में मार्गदर्शन भी दिया गया। अभियान के माध्यम से पुलिस ने यह संदेश दिया कि महिलाओं का सशक्तिकरण और सुरक्षा चंदौली पुलिस की प्राथमिकता है, और इसके लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

इस कार्यक्रम में थानाध्यक्ष, महिला पुलिसकर्मी और एन्टी रोमियो टीम के साथ नगर पंचायत एवं स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*