पुलिस के शहीद जवान को विधायक और पूर्व विधायक ने दिया कंधा, पशु तस्करों को पकड़ने में चली गयी थी जान

कांस्टेबल दुर्गेश सिंह की ड्यूटी के दौरान घायल होने के बाद मौत
चंदौली पुलिस लाइन में दी गयी ससम्मान अंतिम विदाई
नेताओं ने भी किया शहादत को सलाम
जौनपुर जिले में पशु तस्करों को पकड़ने के प्रयास में अपनी शहादत देने वाले चंदौली जनपद के मूल निवासी कांस्टेबल दुर्गेश सिंह को न सिर्फ विभागीय अधिकारों को अधिकारियों द्वारा अंतिम विदाई दी गई, बल्कि उनके घर पहुंच कर स्थानीय विधायक और समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक के द्वारा भी शव को कंधा देकर शहादत को सलाम किया गया।

इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुशील सिंह शहीद के गांव उकनी वीरमराय पहुंचे और वहां पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद अंतिम यात्रा के लिए शव को कंधा दिया तथा दुर्गेश सिंह की शहादत को सलाम करते हुए कहा कि कर्तव्य परायणता को पूरी तरह से समर्पित दुर्गेश सिंह अपनी ड्यूटी पर शहीद हुए हैं। उन्होंने पशु तस्करों को पकड़ने की भरपूर कोशिश की, जिसमें उनकी जान चली गई। उनकी इस बहादुरी पर न सिर्फ विभाग, बल्कि सरकार और जनपदवासियों को भी गर्व है।

वहीं समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह ने निधन का समाचार सुनने के बाद उन्हें न सिर्फ सोशल मीडिया पोस्ट में श्रद्धांजलि दी, बल्कि गंगा घाट पहुंचकर अंतिम संस्कार के पहले उनको उनके शव को कंधा दिया और शहीद दुर्गेश सिंह की आत्मा की शांति के लिए दुआ की। साथ ही साथ कहा कि भगवान उनके परिवार को भी इस बड़े दुख को सहन करने की शक्ति दे। अपनी ड्यूटी पर शहीद दुर्गेश सिंह पुलिस परिवार के लिए एक बड़ी मिसाल बनेंगे।
इसके पहले आज चंदौली पुलिस लाइन में ससम्मान अंतिम विदाई दी गयी। पशु तस्करों के वाहन से कुचलकर शहीद हुए हेड कांस्टेबल दुर्गेश सिंह को रविवार को चंदौली पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि देने वालों में एसपी आदित्य लांग्हे समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और शव को कंधा देकर विदा किया था।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*