जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सैयदराजा विधायक ने छत्रपुरा दुर्गा मंदिर में की पूजा-अर्चना, बोले- बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने का लें संकल्प

विधायक ने अंत में कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।
 

विधायक सुशील सिंह ने की विधि-विधान से मंदिर में पूजा

वैदिक मंत्रों के मंत्रोच्चारण के बीच मां दुर्गा की आराधना

ग्राम प्रधान गौतम तिवारी ने की सामाजिक एकजुटता बढ़ाने की अपील

चंदौली जिले के सैयदराजा स्थित छत्रपुरा  गांव के प्राचीन दुर्गा मंदिर परिसर में नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस मौके पर विधायक सुशील सिंह ने विधि-विधान से पूजा की और वैदिक मंत्रों के मंत्रोच्चारण के बीच मां दुर्गा की आराधना की। विधायक ने कहा कि नवरात्रि का यह पर्व केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां दुर्गा ने असुर शक्तियों के नाश का संकल्प लिया था, उसी प्रकार आज समाज के प्रत्येक व्यक्ति को विकृतियों और बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प लेना चाहिए।

विधायक ने ग्राम सभा के लोगों को नवरात्रि और दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान दुर्गा संस्कृत विद्यालय के छात्रों ने आकर्षक छठा प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर कल्याणपुर ग्राम सभा के ग्राम प्रधान गौतम तिवारी ने भी संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्रि का आयोजन गांव की परंपरा का हिस्सा है और हर वर्ष की भांति इस बार भी भव्य तरीके से मां भगवती का पूजन हो रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन गांव की सामाजिक एकजुटता को और सुदृढ़ करते हैं।

ग्राम प्रधान द्वारा इस अवसर पर नगर पंचायत सैयदराजा के चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश जायसवाल को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही भाजपा नेता अमित अग्रहरि को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।

पूरे आयोजन के दौरान ग्राम सभा के गणमान्य लोग, श्रद्धालु और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ देखते ही बन रही थी। मां दुर्गा के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजायमान रहा।

विधायक ने अंत में कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। उन्होंने ग्राम प्रधान एवं आयोजन समिति को ऐसे सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

इस प्रकार छत्रपुरा गांव का यह नवरात्रि उत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सद्भाव का सुंदर संगम प्रस्तुत करता दिखाई दिया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*