चंदौली में फेरबदल: चंदौली आते ही राजेश कुमार वर्मा बने मुगलसराय के नए SDM, राजीव मोहन सक्सेना कलेक्ट्रेट भेजे गए
मुगलसराय के एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना का तबादला कर उन्हें चंदौली कलेक्ट्रेट में ओसी बनाया गया है। वहीं, राजेश कुमार वर्मा को मुगलसराय का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है, जो शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
मुगलसराय में नए एसडीएम की नियुक्ति
राजीव मोहन सक्सेना बने कलेक्ट्रेट ओसी
राजेश कुमार वर्मा संभालेंगे प्रशासनिक कमान
चंदौली जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
चंदौली जिले में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। मुगलसराय तहसील के उप जिलाधिकारी (SDM) राजीव मोहन सक्सेना का तबादला कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, उन्हें अब चंदौली कलेक्ट्रेट में OC (प्रभारी अधिकारी) के पद पर तैनात किया गया है।

राजेश कुमार वर्मा बने मुगलसराय के नए एसडीएम
तबादला आदेश के तहत अलीगढ़ से चंदौली स्थानांतरित होकर आए प्रशासनिक अधिकारी राजेश कुमार वर्मा को मुगलसराय तहसील का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। अलीगढ़ में भी वह एसडीएम के पद पर ही अपनी सेवाएं दे रहे थे। गुरुवार देर शाम जारी आदेश के बाद यह तय हुआ है कि वह शुक्रवार को मुगलसराय तहसील पहुंचकर अपना कार्यभार संभालेंगे।

सराहनीय रहा राजीव मोहन सक्सेना का कार्यकाल
राजीव मोहन सक्सेना ने 27 मई 2026 को मुगलसराय एसडीएम का पदभार संभाला था। अपने लगभग दो महीने के संक्षिप्त कार्यकाल में उन्होंने राजस्व और प्रशासनिक मामलों में बेहद सक्रिय भूमिका निभाई। विशेष रूप से क्षेत्र के कई तालाबों को चिह्नित कर उनसे अतिक्रमण हटाने और उनके संरक्षण की दिशा में कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसकी स्थानीय स्तर पर काफी प्रशंसा हुई।
ईओ के रूप में भी चला चुके हैं बड़े अभियान
एसडीएम बनने से पहले राजीव मोहन सक्सेना नगर पालिका परिषद मुगलसराय के अधिशासी अधिकारी (ईओ) के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ईओ रहते हुए पिछले एक वर्ष के दौरान उन्होंने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कई बड़े अभियान चलाए। सड़कों का चौड़ीकरण कराने, अवैध कब्जे हटाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को लेकर उनकी सख्त कार्यशैली लगातार चर्चा में रही।
नवनियुक्त SDM पर टिकीं क्षेत्रवासियों की निगाहें
गुरुवार शाम तबादला सूची जारी होने के साथ ही तहसील प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। इस प्रशासनिक बदलाव के बाद अब स्थानीय लोगों की निगाहें नए एसडीएम राजेश कुमार वर्मा की कार्यशैली, प्राथमिकताओं और क्षेत्र के विकास के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर टिक गई हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








