जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

नौबतपुर में दर्दनाक हादसा, एक युवक की मौत के बाद असली वजह जानने में जुटे परिजन खंगाल रहे CCTV फुटेज

चंदौली के नौबतपुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार बिहार निवासी युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

सैयदराजा थाना इलाके के नौबतपुर में भीषण सड़क हादसा

अज्ञात वाहन की चपेट में बाइक सवार की हो गयी है मौत

बिहार के युवक की मौके पर मौत, दूसरे घायल युवक की हालत गंभीर

हादसे के बाद परिजन खंगाल रहे CCTV फुटेज

चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौबतपुर में सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिहार के धनेचा निवासी अभिषेक अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर नौबतपुर की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई।

हादसे में एक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती
इस सड़क दुर्घटना में बाइक चला रहे अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार उनका दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की खबर लगते ही स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। लोगों की सहायता से घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटे परिजन
घटना के बाद मृतक के परिजनों को आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मारी है। हादसे का असली कारण और सच्चाई जानने के लिए परिजन घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। परिजनों का कहना है कि फुटेज की जांच से साफ हो सकेगा कि टक्कर किस वाहन ने मारी थी और यह हादसा कैसे हुआ।

पुलिस कर रही मामले की जांच
सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक मिश्रा ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि बाइक दुर्घटना में दो लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक युवक की मौत हो चुकी है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे तक थाना प्रभारी के पास मृतक की पूरी पहचान को लेकर जानकारी नहीं पहुंच सकी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*