जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौबतपुर बॉर्डर पर होगी खास चेकिंग, गाड़ी का नंबर छुपाने वालों की खैर नहीं, रोकी जाएगी अवैध खनन के साथ ओवरलोडिंग

चंदौली के नौबतपुर बॉर्डर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अचानक खनिज विभाग के चेक गेट का निरीक्षण किया। अवैध खनन और ओवरलोडिंग को पूरी तरह रोकने के लिए अधिकारियों को बिना किसी दबाव के काम करने की खुली छूट दी गई है।

 
 

नौबतपुर खनिज चेक गेट का निरीक्षण

बिहार के मोरम वाहनों की जांच

अवैध उप खनिज परिवहन पर रोक

बिना नंबर प्लेट गाड़ियों पर कार्रवाई

पर्याप्त पुलिस बल देने का भरोसा

 चंदौली जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अचानक नौबतपुर में खनिज विभाग द्वारा स्थापित चेक गेट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों उच्च अधिकारियों ने चेक गेट की पूरी व्यवस्था को परखा और बिहार राज्य की सीमा से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाले मोरम से लदे भारी वाहनों की गहनता से जांच की। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से वाहनों के आईएसटीपी (ISTP) के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली।

naubatpur-border-mining-check-gate-dm-sp-inspection

निगरानी के लिए लगेगी स्पेशल ड्यूटी
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने इस व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार और खनन अधिकारी को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बॉर्डर पर बिना किसी ढिलाई के चौबीसों घंटे प्रवर्तन कार्य सुनिश्चित करने के लिए विशेष कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। डीएम ने साफ कहा कि सीमावर्ती जिलों और बिहार प्रशासन से बेहतर तालमेल बनाकर उप खनिजों के अवैध परिवहन को हर हाल में रोका जाए। उन्होंने कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे बिना किसी दबाव के नियमानुसार काम करें और किसी भी समस्या पर सीधे उच्चाधिकारियों को सूचित करें।

नंबर प्लेट छुपाने वालों पर होगी तत्काल एफआईआर
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने खनन विभाग के अधिकारियों को भरोसा दिया कि अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए चेक पोस्ट पर जितनी भी जरूरत होगी, उतनी पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। एसपी ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि जो वाहन स्वामी पकड़े जाने के डर से अपनी गाड़ियों के नंबर प्लेट छुपाकर चलते हैं या बिना नंबर प्लेट के वाहन दौड़ा रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*