जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में खुलेगा नया बायो इनपुट रिसोर्स सेन्टर, प्राकृतिक खेती के लिए FPO और उद्यमी 8 जुलाई तक ऐसे करें आवेदन

चन्दौली में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए एक नया बायो इनपुट रिसोर्स सेन्टर (BRC) खोला जा रहा है। इसके लिए इच्छुक FPO, उद्यमियों और संस्थाओं से 8 जुलाई 2026 तक आवेदन मांगे गए हैं। पूरी जानकारी के लिए खबर पढ़ें।

 
 

चन्दौली में नया BRC केंद्र खुलेगा

8 जुलाई तक मांगे गए आवेदन

जीवामृत और बीजामृत जैसे मिश्रण बनेंगे

प्राकृतिक खेती का अनुभव होना जरूरी

उप कृषि निदेशक कार्यालय में जमा होगा फॉर्म

चंदौली जिले में प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने और किसानों को स्थानीय स्तर पर ही जैविक खाद व कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए एक बेहतरीन कदम उठाया जा रहा है। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग (NMNF) योजना के तहत साल 2026-27 के लिए जिले में एक नया बायो इनपुट रिसोर्स सेन्टर (BRC) स्थापित किया जाएगा। इसके लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय ने FPO, उद्यमियों और इच्छुक संस्थाओं से आवेदन मांगे हैं।

तैयार होंगे ये प्राकृतिक मिश्रण
इस केंद्र को खोलने का मुख्य उद्देश्य पशुओं और पौधों पर आधारित बायो इनपुट तैयार करना है। इस नए बिजनेस मॉडल के तहत केंद्र पर जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत और दशपर्णी अर्क जैसे प्राकृतिक और जैविक मिश्रण तैयार किए जाएंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि आस-पास के क्लस्टर से जुड़े किसानों को अपनी खेती के लिए जैविक खाद और कीटनाशक दवाइयां बहुत ही आसानी से अपने पास में ही मिल जाएंगी।

चयन के लिए क्या हैं जरूरी शर्तें
इस केंद्र को खोलने के लिए कुछ जरूरी नियम और मापदंड तय किए गए हैं। आवेदन करने वाले उद्यमी, समूह या संस्था के सदस्यों के पास प्राकृतिक खेती का पहले से अनुभव होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही, चयनित केंद्र को जैविक मिश्रणों की क्वालिटी बनाए रखने के लिए अपने स्तर पर स्टोरेज कैन, रैक, रेफ्रीजरेटर, गोमूत्र इकट्ठा करने के उपकरण, किंडवन चेम्बर और बड़े स्टोरेज की सुविधाएं खुद ही विकसित करनी होंगी।

सिखानी होगी इस्तेमाल की विधि
बायो इनपुट रिसोर्स सेन्टर (BRC) के संचालक की यह जिम्मेदारी भी होगी कि वह क्लस्टर में रहने वाले या प्राकृतिक खेती करने के इच्छुक किसानों को इन जैविक मिश्रणों को इस्तेमाल करने का सही तरीका सिखाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें किसानों को हर तरह का तकनीकी सहयोग भी देना होगा, जिससे रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर किसानों की निर्भरता को पूरी तरह से कम किया जा सके।

8 जुलाई तक यहां करें आवेदन
उप कृषि निदेशक ने चन्दौली जनपद के सभी FPO (किसान उत्पादक संगठन), कृषि उद्यमियों और योग्य संस्थाओं से अपील की है कि जो भी लोग इसके लिए इच्छुक हैं, वे तय नियमों के अनुसार अपना आवेदन 8 जुलाई 2026 तक किसी भी वर्किंग डे (कार्य दिवस) में उप कृषि निदेशक, चन्दौली के कार्यालय में जाकर जमा करा सकते हैं, ताकि समय रहते चयन की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*