चंदौली में NH-19 पर 3 गाड़ियों की भीषण टक्कर, 2 लोगों की मौत और 3 घायल
चंदौली के बगही गांव के पास हाईवे पर तीन गाड़ियों की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई घायल हैं। जानिए पूरी खबर।
चंदौली हाईवे पर भीषण सड़क हादसा
डीसीएम, कंटेनर और पिकअप आपस में भिड़े
हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत
दो गंभीर घायल वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर
पुलिस और एनएचएआई ने बहाल कराया यातायात
चंदौली जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर शुक्रवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां तेज रफ्तार में आ रही एक डीसीएम गाड़ी ने आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक पिकअप भी बेकाबू होकर कंटेनर से जा टकराई। तीन गाड़ियों की इस भीषण भिड़ंत के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
चंदौली में NH-19 पर दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर, डीसीएम और पिकअप की टक्कर में 2 की मौत, 3 घायल#chandauli #chandaulinews #chandaulisamachar #Chandaulilive #चंदौलीसमाचार #चंदौली #चंदौलीन्यूज pic.twitter.com/hmkhpd0qdg
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) November 6, 2026
गाड़ियों के उड़े परखच्चे, एक की मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए। इस दर्दनाक हादसे में 22 साल के तबरेज आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह रुक गया और लंबा जाम लगने लगा। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी।

पुलिस और एनएचएआई की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही सैयदराजा पुलिस और एनएचएआई (NHAI) की हेल्पलाइन टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल स्थित मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहीं, पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटवाकर हाईवे पर यातायात फिर से शुरू कराया।
अस्पताल में इलाज के दौरान एक और घायल ने तोड़ा दम
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में तैनात डॉ. अजय वर्मा ने बताया कि हादसे में घायल चार लोगों को अस्पताल लाया गया था। दो लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल सरोज सेठ को भी रेस्क्यू कर निकाला गया था, लेकिन वाराणसी में इलाज के दौरान उनकी भी मौत की खबर मिली है। घायलों में बागपत के इश्तियाक और जौनपुर के शशिकांत शामिल हैं।
हादसे में अब तक कुल दो लोगों की मौतों की सूचना
इस हादसे में अब तक कुल दो लोगों की जान जाने की जानकारी मिली है, हालांकि पुलिस की तरफ से मौतों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पहले मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही, जिसे अब साफ करा दिया गया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







