जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, 'नीति तारा' टूलकिट से अब हर योजना पर रखी जाएगी सीधी नजर

चंदौली में अब सरकारी योजनाओं की ढिलाई नहीं चलेगी! भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा बनाए गए 'नीति तारा' टूलकिट से विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों को इसकी खास ट्रेनिंग दी गई, ताकि हर योजना में पारदर्शिता आ सके।

 
 

नीति तारा टूलकिट से मिलेगी विकास को रफ्तार

कलेक्ट्रेट सभागार में अफसरों को मिला डिजिटल प्रशिक्षण

योजनाओं की होगी अब सीधी रियल टाइम मॉनिटरिंग

ऑनलाइन रिपोर्टिंग से कार्यों में आएगी पूरी पारदर्शिता

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने दिए कड़े निर्देश

चंदौली जिले में सरकारी कामकाज को बेहतर बनाने और विकास योजनाओं में तेजी लाने के लिए एक नई शुरुआत की गई है। भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा तैयार किए गए 'नीति तारा' (NITI TARa) टूलकिट को जिले में लागू करने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

डीएम की मौजूदगी में अफसरों को मिला प्रशिक्षण
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले के तमाम विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विशेषज्ञों ने अधिकारियों को टूलकिट को इस्तेमाल करने का तरीका सिखाया और इसकी बारीकियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

क्या है 'नीति तारा' और कैसे करेगा काम?
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि 'नीति तारा' एक एकीकृत यानी इंटीग्रेटेड डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट सीधे ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। विभागों को खास आईडी और पासवर्ड दिए गए हैं, जिससे वे दूसरे विभागों के कामकाज की रिपोर्ट भी देख पाएंगे।

रियल टाइम मॉनिटरिंग से आएगी पारदर्शिता
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के शुरू होने से सरकारी योजनाओं की 'रियल टाइम मॉनिटरिंग' बेहद आसान हो जाएगी। इससे न सिर्फ अलग-अलग विभागों के बीच आपसी तालमेल बेहतर होगा, बल्कि सरकारी कामों में पारदर्शिता भी बनी रहेगी।

समय पर रिपोर्ट अपलोड करने के सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि आंकड़ों पर आधारित रिपोर्टिंग से योजनाओं की सही तरीके से समीक्षा की जा सकेगी और सही फैसले तेजी से लिए जा सकेंगे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि वे इस टूलकिट का सही उपयोग करें और समय से पोर्टल पर अपनी रिपोर्ट अपलोड करना सुनिश्चित करें।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*