चंदौली जनपद में PAI 2.0 पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स को लेकर ट्रेनिंग
ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं सचिवों को दी गयी जानकारी
डाटा को पीएआई पोर्टल पर किया जाना है फीड
चंदौली जिले के विकास खंड चंदौली, नियामताबाद एवं बरहनी में पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (पीएआई) 2.0 विषयक एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन संबंधित विकास खंडों के सभागार में किया गया। प्रशिक्षण का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं सचिवों को सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) से संबंधित जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन मास्टर प्रशिक्षकों एवं जिला परियोजना प्रबंधक सौरभ सिंह एवं गुंजन श्रीवास्तव द्वारा किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पीएआई 2.0 पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायतों के प्रदर्शन को कैसे आंका जाता है, इस विषय पर विस्तार से बताया। विशेष रूप से 9 प्रमुख थीमों — जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, जल प्रबंधन, आजीविका आदि — के आधार पर पंचायतों की ग्रेडिंग की प्रक्रिया को समझाया गया।

इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार विभिन्न विभागों के डाटा को पीएआई पोर्टल पर फीड किया जाना है और किन सूचकांकों (Indicators) के आधार पर ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी रही।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को डेटा आधारित विकास की दिशा में अग्रसर करना एवं उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक रूप से सशक्त बनाना रहा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







