जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे ओवरलोड भस्सी लदे ट्रैक्टर, खनन नियमों की धज्जियां उड़ने से मंडराया हादसे का खतरा

चंदौली की सड़कों पर ओवरलोड भस्सी से भरे ट्रैक्टर बेखौफ दौड़ रहे हैं। खनन नियमों की धज्जियां उड़ाते इन वाहनों और जिम्मेदार विभाग की चुप्पी पर ग्रामीणों ने डीएम से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 
 

ओवरलोड भस्सी लदे बेलगाम ट्रैक्टर

खनन नियमों की उड़ रही धज्जियां

जिम्मेदार खनन विभाग बना मौन दर्शक

सड़कों पर मंडराया बड़े हादसे का खतरा

डीएम से सख्त कार्रवाई की उठी मांग

चंदौली जिले में इन दिनों खनन और परिवहन नियमों को ताक पर रखकर ओवरलोड भस्सी से लदे ट्रैक्टर बेखौफ होकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। क्षमता से अधिक भस्सी भरकर दौड़ रहे ये वाहन न केवल सड़कों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि राहगीरों के लिए भी किसी काल से कम साबित नहीं हो रहे हैं। आए दिन इन ओवरलोड ट्रैक्टरों की वजह से हादसों का खतरा बना रहता है।

overloaded-sand-tractors-mining-rules-violation

खनन नियमों की उड़ रही खुलेआम धज्जियां
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन और परिवहन विभाग के कड़े नियमों के बावजूद क्षेत्र में ओवरलोडिंग का खेल धड़ल्ले से जारी है। ट्रैक्टरों में भस्सी को इस कदर ऊपर तक भर दिया जाता है कि चलते समय बालू और भस्सी सड़कों पर गिरती रहती है। इससे पीछे से आने वाले दोपहिया वाहन चालकों की आंखों में भस्सी जाने से वे अपना संतुलन खो बैठते हैं और दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।

जिम्मेदार विभाग साधे बैठा है मौन
ताज्जुब की बात यह है कि दिन-रात सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे इन ओवरलोड ट्रैक्टरों पर संबंधित जिम्मेदार विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। विभाग की इस चुप्पी पर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की ढिलाई के कारण ही खनन माफिया और ओवरलोड वाहन चालकों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें किसी नियम या कानून का डर नहीं रह गया है।

डीएम से तत्काल सख्त लगाम लगाने की मांग
क्षेत्रीय ग्रामीणों और समाजसेवियों ने जिलाधिकारी (डीएम) का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया है। लोगों ने मांग की है कि सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे इन ओवरलोड भस्सी ट्रैक्टरों के खिलाफ अभियान चलाकर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। यदि समय रहते इन पर लगाम नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी और दर्दनाक दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*