जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

लोकवनपुर अमृत सरोवर में सेवा पखवाड़ा के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।
 

विधायक सुशील सिंह ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन

100 से अधिक छायादार और फलदार वृक्ष लगाए गए

सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जारी

चंदौली जिले के लोकवनपुर ग्राम सभा स्थित अमृत सरोवर परिसर में वन विभाग द्वारा भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयद राजा विधायक सुशील सिंह रहे, जिन्होंने सेवा पखवाड़ा पर्व के अंतर्गत 100 से अधिक वर्षों तक ऑक्सीजन देने वाले छायादार एवं फलदार वृक्षों का रोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और संतुलित वातावरण देने का संकल्प भी है।

विधायक सुशील सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू हुआ यह सेवा पखवाड़ा 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों के साथ-साथ व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। 
उन्होंने कहा कि गांव-गांव में वृक्षारोपण करके वातावरण को संतुलित बनाने तथा प्रदूषण मुक्त भारत की दिशा में कार्य करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने 2047 की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का हर प्रयास भविष्य के विकसित भारत की नींव मजबूत करेगा।

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। सदर क्षेत्रीय वन अधिकारी राम प्रकाश मौर्य, चंदौली रेंज के उप क्षेत्रीय वन अधिकारी छविनाथ त्रिपाठी, वन दरोगा मनोज कुमार श्रीवास्तव, पुनीत कुमार तथा वनरक्षक प्रभात कुमार ने भी वृक्षारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

मंडल अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, ग्राम प्रधान लोकवनपुर समेत ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि लगाए गए वृक्षों की देखभाल कर उन्हें हरा-भरा बनाया जाएगा ताकि आने वाले वर्षों में यह वृक्ष गांव की पहचान बन सकें।

इस अवसर पर वातावरण उत्साह और प्रेरणा से भरा रहा। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी से अपील की कि वृक्षारोपण को केवल एक दिन का कार्य न मानकर इसे जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि जितना अधिक हम वृक्ष लगाएंगे, उतना ही प्रकृति हमारे जीवन को सुरक्षित और संतुलित बनाएगी।

इस प्रकार लोकवनपुर ग्राम सभा का यह वृक्षारोपण कार्यक्रम सेवा पखवाड़ा पर्व की सफलता का प्रतीक बनकर न केवल ग्रामीणों को जागरूक करने में सफल रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक संदेश भी दे गया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*