तेंदुहान हत्या व डकैती कांड का मुख्य आरोपी था 50 हजार का इनामी राजू मुसहर, ऐसे हुआ पुलिस मुठभेड़ में घायल
चंदौली के सैयदराजा में स्वाट, सर्विलांस और पुलिस टीम ने 50 हजार के इनामी राजू मुसहर को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
50 हजार का इनामी राजू मुसहर गिरफ्तार
सवैया पट्टीदारी के पास हुई पुलिस मुठभेड़
जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में लगी गोली
तेंदुहान हत्या और डकैती का मुख्य आरोपी
तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद
चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम संयुक्त रूप से क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को 50 हजार रुपये के इनामी वांछित बदमाश राजू मुसहर के इलाके में मौजूद होने की सटीक सूचना मिली।

खुद को घिरता देख बदमाश ने की फायरिंग
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सवैया पट्टीदारी के पास घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। खुद को पुलिस टीम से घिरा देख शातिर बदमाश राजू मुसहर ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लग गई और वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा।
अवैध असलहा और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस टीम ने घायल बदमाश को तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया। उसके पास से एक .315 बोर का तमंचा, खोखा, मिसफायर कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल बदमाश को तत्काल पुलिस सुरक्षा में इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

तेंदुहान हत्या और डकैती मामले में था वांछित
पकड़ा गया आरोपी राजू मुसहर 15 दिसंबर 2025 को तेंदुहान में हुई चर्चित हत्या और डकैती के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था। इस संगीन मामले में पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि राजू मुसहर लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस प्रशासन की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
विधिक कार्रवाई में जुटी सैयदराजा पुलिस
सैयदराजा पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक कानूनी और विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








