पुलिस लाइन में मनाई गई गांधी और शास्त्री जी की जयंती, उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित हुए 26 पुलिसकर्मी
चंदौली पुलिस लाइन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित कर जवानों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई और उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित किया।
चंदौली पुलिस लाइन गांधी शास्त्री जयंती
एएसपी विक्रम दहिया ने दी श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय एकता स्वच्छता की ली शपथ
उत्कृष्ट सेवा पदक से पुलिसकर्मी सम्मानित
सफाईकर्मियों का किया गया विशेष सम्मान
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के पावन अवसर पर 02 अक्टूबर 2026 को चंदौली पुलिस लाइन परिसर में एक गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे परिसर में देश के महापुरुषों के विचारों और आदर्शों की गूंज देखने को मिली।

महापुरुषों के चित्रों पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) विक्रम दहिया ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों का अनावरण किया। उन्होंने दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से नमन किया।

सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का लिया संकल्प
इस अवसर पर एएसपी विक्रम दहिया ने उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों को देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने, सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलने और स्वच्छता अपनाने की शपथ दिलाई। महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने वाले पुलिस लाइन के सफाईकर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

महापुरुषों के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेने का आह्वान
जवानों को संबोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सर्वधर्म समभाव के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। वहीं शास्त्री जी के "जय जवान, जय किसान" के नारे और उनकी सादगी से सीख लेते हुए सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, अनुशासन और सर्वोच्च कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा में समर्पित रहना चाहिए।
26 पुलिसकर्मियों को मिला सेवा पदक
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदत्त सेवा पदकों का भी वितरण किया गया। एएसपी सदर द्वारा 18 पुलिसकर्मियों को 'अति उत्कृष्ट सेवा पदक' और 08 पुलिसकर्मियों को 'उत्कृष्ट सेवा पदक' प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन के अलावा जिले के सभी थानों और चौकियों में भी यह पर्व पूरे सौहार्द के साथ मनाया गया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







