चंदौली में अघोषित बिजली कटौती से मचा हाहाकार: 100 से बढ़कर 250 मेगावाट हुई डिमांड, ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग से खुली पोल
चंदौली जिले में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से हाहाकार मचा हुआ है। बिजली की मांग 100 से बढ़कर 250 मेगावाट पहुंचने के कारण ओवरलोडिंग बढ़ गई है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह बेहाल हो गया है।
बिजली की मांग हुई 250 मेगावाट
अघोषित कटौती से जनता बेहद त्रस्त
रात में उमस से लोग परेशान
ओवरलोडिंग से तपने लगे ट्रांसफार्मर
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण हो रहे लगातार खराब
चंदौली जिले में आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी के बीच बिजली की लगातार हो रही अघोषित कटौती और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग ने आम जनजीवन को पूरी तरह से बेहाल कर दिया है। पारा चढ़ने के साथ ही जिले में बिजली की खपत (डिमांड) सामान्य दिनों के 100 मेगावाट से बढ़कर अब करीब 250 मेगावाट तक पहुंच चुकी है। उपभोक्ताओं को नियमानुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है, जिससे लोग बेहद परेशान हैं। स्थिति यह है कि हर 10 से 20 मिनट के अंतराल पर बिजली ट्रिपिंग कर रही है। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों में आठ से नौ घंटे और शहरी क्षेत्रों में महज 14 से 16 घंटे बिजली मिलना भी मुश्किल हो गया है।

आंख-मिचौली से रात की नींद और दिन का चैन गायब
जैसे-जैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, बिजली निगम के निर्बाध आपूर्ति के तमाम दावे और वादे पूरी तरह हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। शहरी इलाकों से लेकर ग्रामीण अंचलों तक बिजली की बार-बार होने वाली ट्रिपिंग ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। हर आधे घंटे में 10 से 15 मिनट के लिए होने वाली इस अघोषित कटौती के कारण घरों में लगे इन्वर्टर भी पूरी तरह चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते रात के समय भी लोगों को उमस और भीषण अंधेरे में रात काटने को मजबूर होना पड़ रहा है। बार-बार ट्रिपिंग होने से घरों में लगे महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी फ्यूज होकर खराब हो रहे हैं, तथा पानी की मोटर न चल पाने से टंकियां खाली पड़ी हैं।
ओवरलोडिंग और जर्जर तार बने मुख्य विलन
विद्युत निगम के आंतरिक आंकड़ों की मानें तो अचानक बढ़े तापमान की वजह से सब-स्टेशनों और ट्रांसफार्मरों पर भारी लोड बढ़ गया है। जिले के कई इलाकों में लगे ट्रांसफार्मर सुबह आठ बजे से ही ओवरलोडिंग के कारण तपने (हिट होने) लगते हैं। जर्जर तार और पुराने बुनियादी ढांचे के कारण आए दिन स्थानीय स्तर पर फाल्ट और ट्रिपिंग की गंभीर समस्या आ रही है। हालांकि, उपभोक्ता इस बात से सबसे ज्यादा नाराज हैं कि विभाग द्वारा भारी-भरकम बिजली बिल वसूलने के बाद भी उन्हें 24 घंटे में से कुछ घंटे भी चैन की बिजली नसीब नहीं हो रही है।
बबुरी इलाके में 18 घंटे भी नहीं मिल पा रही बिजली
बबुरी बाजार सहित क्षेत्र के दर्जनों गांवों में इन दिनों हो रही अघोषित बिजली कटौती से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। घंटों बिजली गुल रहने से स्थानीय निवासियों को पानी और हवा दोनों के लिए तरसना पड़ रहा है। दिन में झुलसा देने वाली तेज धूप और रात में उमस के कारण लोग चैन की नींद तक नहीं ले पा रहे हैं। विद्युत कर्मचारी नौगढ़ सहित अन्य दूरदराज के जंगली और ग्रामीण इलाकों में जर्जर तारों की मरम्मत में जुटे तो हैं, लेकिन मांग और आपूर्ति का अंतर कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
आक्रोशित जनता दे रही आंदोलन की चेतावनी
बिजली की इस बदहाली को लेकर चंदौली के विभिन्न क्षेत्रों के आम लोगों ने अपना तीखा आक्रोश व्यक्त किया है।+ लोगों ने समय रहते तार व ट्रांसफॉर्मर की सुध न लेने वाले अफसरों व कर्मचारियों की कार्यशैली पर नाराजगी दिखायी है।
बसंतपुर के एक किसान ने कहा कि दिन और रात में कई-कई घंटे बिजली अचानक गायब रहती है। रात में भी लंबी कटौती होने से हमारा पूरा परिवार इस भीषण गर्मी में जागकर रात बिताने को मजबूर है। वहीं गौरी गांव के लोगों का कहना है कि बिजली न रहने से घरों में मच्छरों का प्रकोप बहुत ज्यादा बढ़ गया है। इतनी तेज गर्मी में छोटे बच्चों और बुजुर्गों का घर के अंदर दम घुट रहा है, उनका रहना मुश्किल हो गया है।
लोगों ने कहा कि बिजली विभाग ने स्मार्ट मीटर तो लगा दिए हैं, जिससे बिजली का बिल लगातार बढ़ रहा है, लेकिन कटौती चरम पर है। बिजली की आपूर्ति पहले के मुकाबले और भी खराब हो गई है। वहीं बबुरी के रहने वाले दुकानदार का कहना है कि बिजली उपकेंद्र पर शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। अगर यही स्थिति रही, तो हमें सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
अघोषित कटौती पर बोले जिम्मेदार अधिकारी
इस गंभीर बिजली संकट और उपभोक्ताओं की नाराजगी पर चंदौली के अधीक्षण अभियंता (Superintending Engineer) जसवीर सिंह ने कहा कि जिले में पिछले दिनों आई तेज आंधी-तूफान के कारण कई जगहों पर मुख्य तार टूटने और बिजली के पोल गिरने से कुछ इलाकों में आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित हुई है। इसके अलावा कई जगह आवश्यक रखरखाव और मरम्मत कार्य के कारण भी कटौती की जा रही है। वर्तमान में गर्मी अत्यधिक होने से सिस्टम पर अचानक लोड बहुत बढ़ गया है, जिससे ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। विभाग जल्द ही स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








