जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में 6 करोड़ की लागत से बनेंगे 11 नए हेलीपैड, VVIP मूवमेंट और आपदा से निपटना होगा आसान

चंदौली जिले में वीवीआईपी आगमन और आपदा राहत को मजबूत करने के लिए 6 करोड़ रुपये से 11 नए हेलीपैड बनाने की तैयारी है। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने इसकी पूरी कार्ययोजना शासन को भेज दी है।

 
 

6 करोड़ रुपये से बनेंगे 11 हेलीपैड

विधानसभा चुनाव से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य

धरहरा ग्रामसभा में बनेगा सबसे महंगा हेलीपैड

जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा फायदा

पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने शासन को भेजी कार्ययोजना

 चंदौली जिले में वीवीआईपी नेताओं के आगमन और अचानक आने वाली किसी भी आपदा के समय तुरंत राहत पहुंचाने के मकसद से एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जिले में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कुल 11 नए हेलीपैड बनाने की तैयारी है। लोक निर्माण विभाग (PWD) प्रांतीय खंड ने इसके लिए करीब 6 करोड़ रुपये का एक पूरा प्रोजेक्ट (कार्ययोजना) तैयार करके मंजूरी के लिए शासन को भेज दिया है।

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि जैसे ही शासन से इस बजट को हरी झंडी मिल जाएगी, वैसे ही जमीन पर निर्माण कार्य तेजी से शुरू करा दिया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि आगामी विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले ही इन सभी हेलीपैड्स का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी जरूरी जमीनों को भी चिन्हित कर लिया गया है।

जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों को मिलेगा इसका सीधा लाभ
इस सरकारी योजना के तहत चंदौली जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों— मुगलसराय, सैयदराजा, सकलडीहा और चकिया में ये 11 हेलीपैड बांटे जाएंगे। इससे न सिर्फ बड़े नेताओं और अफसरों के वीवीआईपी दौरों के प्रबंधन में आसानी होगी, बल्कि बाढ़ या किसी अन्य इमरजेंसी के समय लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाने और एयर रेस्क्यू करने में भी बड़ी सहूलियत मिलेगी।

धरहरा ग्रामसभा में बनेगा जिले का सबसे महंगा हेलीपैड
इस पूरी योजना के तहत सबसे ज्यादा बजट धरहरा ग्रामसभा में बनने वाले हेलीपैड पर खर्च किया जाएगा, जो करीब 1.20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। इसके अलावा, मुगलसराय तहसील मुख्यालय के पास स्थित केंद्रीय विद्यालय परिसर और चंदौली के पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में 85-85 लाख रुपये की लागत से हेलीपैड तैयार किए जाएंगे। पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बारिश के दिनों में होने वाले जलभराव को देखते हुए करीब 80 सेंटीमीटर एक्स्ट्रा मिट्टी भराई का काम भी किया जाएगा, ताकि हर मौसम में हेलीकॉप्टर आसानी से उतर सके।

जानिए किस विधानसभा में कहां और कितने बजट से बनेंगे हेलीपैड
बाकी विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो सैयदराजा विधानसभा के बरहनी ब्लॉक मुख्यालय परिसर में 45 लाख रुपये और धानापुर के शहीद हीरा सिंह पीजी कॉलेज में 30 लाख रुपये की लागत से हेलीपैड का निर्माण होगा। वहीं, सकलडीहा विधानसभा के मथेला उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में 15 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित है।

चकिया विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो यहां कुल चार हेलीपैड बनाए जाएंगे, जिन पर करीब 2.20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। ये हेलीपैड चकिया तहसील के पास, शहाबगंज के गांधी स्मारक इंटर कॉलेज और नौगढ़ ब्लॉक के सेमरा व कुशही गांवों में बनाए जाएंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*