जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

रतनपुर से कार सवारों द्वारा साढ़े 5 साल के बच्चे के अपहरण की सूचना से हड़कंप, पुलिस ने भदोही में कराया बरामद

चंदौली के रतनपुर गांव से साढ़े 5 साल के मासूम शिवम के कार सवारों द्वारा ले जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। हरकत में आई पुलिस ने घेराबंदी कर बच्चे को भदोही के ऊंज से सही-सलामत बरामद कर लिया।

 
 

रतनपुर गांव से मासूम के अपहरण की सूचना

पारिवारिक विवाद में पिता ही ले गया बच्चा

चंदौली पुलिस ने जारी किया हाई अलर्ट

भदोही के ऊंज में पकड़ी गई कार

बच्चा पुलिस हिरासत में पूरी तरह सुरक्षित

चंदौली जिले के थाना मुगलसराय क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतनपुर में 1 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे डायल 112 पर एक सनसनीखेज सूचना मिली। सूचना में बताया गया कि कार सवार दो लोग एक साढ़े पांच वर्षीय बालक को जबरन उठाकर ले गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई।

ratanpur-child-abduction-drama-recovered-bhadohi

पारिवारिक विवाद और पिता की जिद आई सामने
मौके पर जांच-पड़ताल के दौरान चौंकाने वाली बात सामने आई। बच्चे की मां रजनी पटेल का अपने पति सोमवीर से पारिवारिक विवाद चल रहा था। सोमवीर हरियाणा का रहने वाला है। दो महीने पहले रजनी अपनी साढ़े नौ साल की बेटी को वहीं छोड़कर, साढ़े पांच साल के बेटे शिवम को लेकर बिना बताए रतनपुर आ गई थी। पति लगातार फोन पर बच्चे को वापस ले जाने की बात कह रहा था और शनिवार को वह कार से अपने एक साथी के साथ आया व बेटे को लेकर चला गया।

सीसीटीवी फुटेज और हाईवे अलर्ट से मिली सफलता
घटना की भनक लगते ही पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध कार रामनगर होते हुए हाईवे की ओर जाती हुई दिखाई दी। इसके बाद चंदौली पुलिस ने तुरंत कई टीमें गठित कीं और वाराणसी व प्रयागराज रूट के सभी थानों को अलर्ट मैसेज भेजा। पुलिस की इस मुस्तैदी का नतीजा यह रहा कि जनपद भदोही के थाना ऊंज की पुलिस ने कार को रोक लिया।

बच्चा सही-सलामत बरामद, होगी विधिक कार्रवाई
भदोही के ऊंज में पुलिस ने कार को रोककर साढ़े पांच साल के मासूम शिवम को पूरी तरह सही-सलामत बरामद कर लिया। चंदौली से पुलिस टीम भदोही के लिए रवाना हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि बच्चे को शीघ्र ही चंदौली लाकर परिजनों को सौंपा जाएगा और पूरे मामले में नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*