जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

ITI रेवसा में सजा खादी स्टॉल: 100 युवाओं ने ली 'हर दिल में खादी' प्रतिज्ञा, जाने स्वदेशी के फायदे

चंदौली के राजकीय ITI रेवसा में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में खादी स्टॉल, स्वच्छता अभियान और युवा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। 100 छात्र-छात्राओं ने खादी उत्पादों की खरीदारी की और स्वदेशी अपनाने की शपथ ली।

 
 

रेवसा ITI में खादी स्टॉल और स्वच्छता

100 युवाओं ने ली खादी प्रतिज्ञा

सांसद और विधायकों ने देखा स्टॉल

स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देने की पहल

ग्रांट थॉर्नटन और खादी बोर्ड का प्रयास

चंदौली जिले के राजकीय ITI कॉलेज रेवसा में सोमवार, 28 सितंबर 2026 को युवाओं को स्वदेशी और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में यहां खादी स्टॉल, स्वच्छता अभियान और युवा जागरूकता कार्यक्रम की धूम रही।

यह आयोजन उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में हुआ। इसमें ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी और श्री खादी आश्रम सेवा समिति कमालपुर का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

rewsa-iti-khadi-stall-awareness-event

खादी और गांधी जी के विचारों से रूबरू हुए युवा
इस आयोजन का मुख्य मकसद देश की युवा पीढ़ी को महात्मा गांधी के विचारों, स्वदेशी भावना और आत्मनिर्भरता के संदेश से जोड़ना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को खादी का महत्व, उसकी असली पहचान और स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने में खादी की भूमिका के बारे में बहुत ही सरल तरीके से समझाया गया।

दिग्गज जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने खादी आश्रम सेवा समिति द्वारा लगाए गए स्टॉल का बारीकी से निरीक्षण किया। राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह, पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के विधायक श्री रमेश जायसवाल और चकिया विधायक आचार्य श्री कैलाश खरवार ने स्टॉल का अवलोकन कर युवाओं का मार्गदर्शन किया।

इस मौके पर परियोजना निदेशक आरके चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राज कपूर, ITI प्रधानाचार्य श्री अजय कुमार यादव, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री गिरजा प्रसाद, खादी आश्रम से श्री लल्लन कुमार और ग्रांट थॉर्नटन से श्री रजनीश शर्मा सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

rewsa-iti-khadi-stall-awareness-event

स्टॉल पर सजे खादी उत्पाद, छात्रों ने की खरीदारी
कॉलेज परिसर में लगे खादी स्टॉल पर विभिन्न प्रकार के खादी वस्त्र और उत्पाद प्रदर्शित किए गए थे। अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने स्टॉल का भ्रमण कर खादी उत्पादों की गुणवत्ता, उपयोगिता और पहचान के बारे में जानकारी हासिल की। कई विद्यार्थियों और लोगों ने खादी सामानों की खरीदारी भी की।

हस्ताक्षर अभियान और 'हर दिल में खादी' की ली गई शपथ
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान एक खास हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके साथ ही सभी उपस्थित 100 छात्र-छात्राओं को “हर दिल में खादी प्रतिज्ञा” दिलाई गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ स्वदेशी अपनाने, स्थानीय कारीगरों का सम्मान करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*