जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

नरहन-कोनिया मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा: दो ग्रामीणों की मौत के बाद भड़का गुस्सा, लोगों ने लगाया चक्काजाम

चंदौली के धरौली चौकी क्षेत्र में शनिवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद उग्र ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया।

 
 

चंदौली में भीषण सड़क हादसा

ट्रैक्टर की टक्कर से दो मौतें

नरहन कोनिया मार्ग पर चक्काजाम

गंभीर रूप से घायल बीएचयू रेफर

पुलिस ने लोगों को समझाया

चंदौली जिले में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सैयदराजा थाना क्षेत्र की धरौली पुलिस चौकी के अंतर्गत नरहन-कोनिया मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

road-accident-tractor-bike-collision-two-dead-protest

बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कोनिया गांव के रहने वाले अशोक राजभर और जीतू, भुजना गांव के निवासी नथुनी के साथ एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाजार से घर लौट रहे थे। वे जैसे ही नरहन-कोनिया मार्ग पर पहुंचे, सामने से आ रहे अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे।

एक की हालत नाजुक, बीएचयू रेफर
हादसे में ट्रैक्टर की चपेट में आने से नथुनी और अशोक राजभर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे साथी जीतू को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से जीतू को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जीतू की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू (BHU) के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक नथुनी अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था।

ग्रामीणों का हंगामा और चक्काजाम
हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। दो लोगों की मौत से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने नरहन-कोनिया मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर प्रदर्शन के कारण काफी देर तक गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे और सड़क जाम की सूचना मिलते ही सबसे पहले धरौली पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुला लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने गुस्साए लोगों को समझाने-बुझाने की काफी कोशिश की। प्रदर्शन कर रहे लोग मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने, पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने और हादसे के जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े थे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*