बदमाशों के हौसले बुलंद: जेवरियाबाद में कार में सो रहे किसान भाइयों से लूट व असलहे से हमला, काफी देर तक चला थाना-विवाद
सैयदराजा थाना क्षेत्र के जेवरियाबाद गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने कार में सो रहे किसान भाइयों पर असलहा सटाकर हमला कर दिया। बदमाश विरोध करने पर बंदूक की बट से मारकर 25 ग्राम सोने की चेन लूट ले गए।
असलहे के बल पर बड़ी लूट
कार में सो रहे थे दो भाई
विरोध करने पर बट से किया हमला
25 ग्राम सोने की चेन गायब
सैयदराजा पुलिस जांच में जुटी
चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने सोमवार की भोर में लूट की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सैयदराजा-जमानियां मुख्य मार्ग से बिल्कुल सटे जेवरियाबाद गांव के पास यह घटना घटी। यहाँ खेत पर काम करने के बाद कार में आराम कर रहे दो भाइयों पर बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहे के बल पर हमला बोल दिया और सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।

विरोध करने पर आंख के नीचे मारी बंदूक की बट
जानकारी के मुताबिक, जेवरियाबाद गांव के रहने वाले रामनेत्र सिंह अपने चचेरे भाई सुखेश्वर सिंह के साथ खेत की सिंचाई और जुताई का काम करवा रहे थे। रात करीब तीन बजे काम खत्म करने के बाद दोनों भाई अपनी टाटा पंच कार (UP 67 AM 7942) में सड़क किनारे सो रहे थे। इसी बीच बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और कार की खिड़की को जोर-जोर से पीटने लगे।
सोने की चेन छीनकर सैयदराजा की तरफ भागे
जब रामनेत्र सिंह ने कार से बाहर देखकर विरोध किया, तो एक बदमाश ने तुरंत उनके गले से करीब 25 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनने की कोशिश की। रामनेत्र ने जब हिम्मत दिखाकर उसका हाथ पकड़ा, तो दूसरे बदमाश ने उन पर असलहा तान दिया और धमकाते हुए बंदूक की बट से उनकी आंख के नीचे जोरदार वार कर दिया। इस हमले में रामनेत्र घायल हो गए और बदमाश हाथापाई करते हुए सोने की चेन छीनकर सैयदराजा की तरफ भाग निकले।
सीओ सदर ने कहा- जल्द होगा वारदात का खुलासा
घटना के बाद पीड़ितों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण जुट गए और यूपी-112 पुलिस को फोन किया गया। काफी देर तक मामले को लेकर कंदवा व सैयदराजा पुलिस थानाक्षेत्र के विवाद को लेकर खींचतान करती रही। बाद में सीओ सदर की दखल के बाद घायल रामनेत्र सिंह ने सैयदराजा थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि लूट का केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सदर क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही इस पूरी वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








