जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सैयदराजा की रामलीला में लक्ष्मण शक्ति और मेघनाद वध का भावुक मंचन, 'जय श्री राम' से गूंजा मैदान

सैयदराजा की ऐतिहासिक रामलीला में लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण और मेघनाद वध का भावुक मंचन हुआ। हनुमान जी द्वारा संजीवनी बूटी लाते ही दर्शक 'जय श्री राम' के नारे लगाने लगे।

 
 

सैयदराजा रामलीला में लक्ष्मण शक्ति मंचन

संजीवनी बूटी लाए वीर हनुमान जी

प्रभु श्री राम ने किया कुंभकरण वध

लक्ष्मण जी के बाणों से मेघनाद वध

हिंदू महासंघ उपाध्यक्ष का हुआ सम्मान

चंदौली जिले के सैयदराजा में गुरुवार की रात ऐतिहासिक श्री रामलीला में लक्ष्मण शक्ति, कुंभकरण वध और मेघनाद वध की लीलाओं का बेहद भावुक और सजीव मंचन किया गया। मंचन का मुख्य आकर्षण मेघनाद द्वारा शक्ति बाण चलाकर लक्ष्मण को मूर्छित करना और हनुमान जी द्वारा संजीवनी बूटी लाना रहा। इस करुण और रोमांचक दृश्य को देखकर पूरा रामलीला मैदान भक्तिभाव से भर गया और दर्शकों की आंखें नम हो गईं।

saidraja-ramleela-laxman-shakti-kumbhkaran-meghnad-vadh

हनुमान जी लाए संजीवनी, टूटी लक्ष्मण की मूर्छा

लीला में आगे दिखाया गया कि विभीषण की सलाह पर हनुमान जी लंका से सीधे वैद्य सुषेण को उनकी कुटिया सहित उठाकर ले आए। वैद्य सुषेण ने लक्ष्मण की जान बचाने के लिए द्रोणाचल पर्वत से संजीवनी बूटी लाने का उपाय बताया। जिसके बाद हनुमान जी तुरंत पवन वेग से जाकर संजीवनी बूटी लेकर आए, जिससे लक्ष्मण की मूर्छा टूटी। इसके बाद युद्ध मैदान में कुंभकरण का प्रभावशाली प्रवेश और वध का दृश्य प्रस्तुत हुआ। प्रभु श्री राम के बाणों से कुंभकरण का वध होते ही पूरा मैदान 'जय श्री राम' के नारों से गूंज उठा।

saidraja-ramleela-laxman-shakti-kumbhkaran-meghnad-vadh

गरुड़ जी ने दिलाई नागपाश से मुक्ति, हुआ मेघनाद का वध

इसके बाद रावण ने अपने सबसे पराक्रमी पुत्र मेघनाद को युद्ध में भेजा। मेघनाद ने अपनी मायावी शक्तियों से पूरे राम दल को नागपाश में बांध दिया। तब नारद जी के कहने पर गरुड़ जी ने आकर पूरे राम दल को नागपाश से मुक्ति दिलाई। इसके बाद प्रभु श्री राम की आज्ञा पाकर लक्ष्मण जी ने मेघनाद के साथ घनघोर युद्ध किया और अंत में अपने बाणों से मेघनाद का वध कर दिया।

saidraja-ramleela-laxman-shakti-kumbhkaran-meghnad-vadh

ओपी सिंह का हुआ सम्मान, रामायण के आदर्शों पर दिया जोर

इस दौरान श्री रामलीला समिति के महामंत्री कामाख्या प्रसाद केसरी ने हिंदू महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ओपी सिंह को अंगवस्त्रम् और रामायण देकर सम्मानित किया। ओपी सिंह ने कहा कि रामलीला केवल कोई मंचन नहीं, बल्कि जीवन की असली सच्चाई है। रामायण से प्रेरणा लेकर जीने से हर मुश्किल आसान हो जाती है। हमें रामायण के आदर्शों को अपने जीवन में जरूर उतारना चाहिए।

बड़ी संख्या में उपस्थित रहे लीला प्रेमी

इस अवसर पर रविंद्र जायसवाल, पन्नालाल केसरी, चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश जायसवाल, पूर्व चेयरमैन मदन प्रसाद कुशवाहा, सुशील कुमार शर्मा, सभासद संतोष जायसवाल, जवाहर पांडेय, वीरेंद्र सिंह भोले, अंकित जायसवाल, मानवेंद्र जायसवाल, सभासद प्रतिनिधि चंद्रशेखर प्रजापति, दरोगा सिंह, अरविंद तिवारी, पंकज दुबे, आदर्श, उत्कर्ष केशरी सहित बड़ी संख्या में लीला प्रेमी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*