नागपंचमी पर सैयदराजा के दुधारी में युवा खेलकूद प्रतियोगिता: रस्साकशी में दिखा खिलाड़ियों का दम
चंदौली के सैयदराजा अंतर्गत दुधारी गांव में नागपंचमी पर विलेज यूथ स्पोर्ट्स के तत्वावधान में युवा खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हुई। डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने उद्घाटन कर विजेताओं को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
सैयदराजा में नागपंचमी पर खेलकूद प्रतियोगिता
डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने किया उद्घाटन
रस्साकशी प्रतियोगिता में युवाओं का उत्साह
विजेता टीमों को मिला नकद पुरस्कार
गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच
चंदौली जिले के सैयदराजा क्षेत्र अंतर्गत दुधारी गांव में नागपंचमी के पावन अवसर पर सोमवार को विलेज यूथ स्पोर्ट्स के तत्वावधान में युवा खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजसेवी डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने प्रतियोगिता का फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
रस्साकशी और पारंपरिक खेलों में दिखा युवाओं का उत्साह
इस प्रतियोगिता में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मैदान में रस्साकशी सहित विभिन्न पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया, जिन्हें देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। युवाओं ने अपनी ताकत और टीम भावना का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया।
"खेलोगे-कूदोगे तो होंगे पूरे ख़्वाब", विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने एक नया नारा देते हुए कहा.. "पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होंगे पूरे ख़्वाब।" डॉ. तिवारी ने अपनी ओर से रस्साकशी प्रतियोगिता में 60 किलोग्राम से कम और 60 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग की दोनों विजेता टीमों को एक-एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। वहीं आयोजन समिति ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने में मदद करेंगी ऐसी प्रतियोगिताएं
मुख्य अतिथि ने कहा कि गांवों में इस तरह के खेल आयोजनों से छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने आने का मौका मिलता है। खेलों से जीवन में अनुशासन, टीम वर्क और आत्मविश्वास बढ़ता है।
कार्यक्रम में गो रक्षा समिति के परमानंद तिवारी, सवर्ण आर्मी अध्यक्ष रत्नेश पाठक, गायत्री तिवारी और हास्य कवि रोहित पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं आयोजन को सफल बनाने में रवींद्र कुमार सिंह, आलोक चौहान, विशाल चौहान, संजय प्रजापति और आयोजन समिति के सदस्यों की अहम भूमिका रही।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








