जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

"तिरंगे की जगह नारंगी रंग बर्दाश्त नहीं", शहीद स्मारक के रंग को लेकर कांग्रेस ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

सैयदराजा शहीद स्मारक को नारंगी (भगवा) रंग में रंगे जाने को लेकर कांग्रेस और शहीद स्मारक समिति ने कड़ा विरोध जताया है। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर परिसर को तिरंगे के रंग में रंगने की मांग की।

 
 

सैयदराजा शहीद स्मारक रंगने पर विवाद

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी का विरोध

जिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन

तिरंगे के अपमान का लगाया आरोप

मांग न मानने पर आंदोलन की चेतावनी

चंदौली जिले के सैयदराजा स्थित ऐतिहासिक शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण और उसके रंग को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। बुधवार, 12 अगस्त 2026 को शहीद स्मारक समिति और जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने स्मारक परिसर को नारंगी रंग से रंगे जाने पर सख्त ऐतराज जताया है।

'तिरंगे का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे कांग्रेस जन'
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि सैयदराजा शहीद स्मारक परिसर को नारंगी (भगवा) रंग से रंगा जाना स्थानीय जनप्रतिनिधियों के एक बड़े षड्यंत्र को दर्शाता है। यह हमारे देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके बलिदान का सीधा अपमान है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी हमें तिरंगे की छांव में मिली है और तिरंगा ही राष्ट्रीय ध्वज तथा देश की एकता का असली प्रतीक है। बीजेपी सरकार के लोग तिरंगे का अपमान करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ता कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।

तिरंगे के रंग में न रंगा गया तो होगा बड़ा आंदोलन
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सैयदराजा शहीद स्मारक परिसर को तुरंत तिरंगे के रंगों में नहीं रंगा गया, तो शहीद स्मारक समिति और कांग्रेस पार्टी के लोग सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इस मामले में कोई जनआंदोलन खड़ा होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कई प्रमुख कांग्रेसी रहे मौजूद
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस पार्टी और समिति के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें श्रीमती मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, गंगा प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, राजू कुमार, रामौतार यादव, राकेश सिंह, शिवेंद्र मिश्रा, अमरदेव राम और संतोष चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*