जमीन विवाद में सपा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव की कार तोड़ी, घर में घुसकर गाली-गलौज, सैयदराजा पुलिस जांच में जुटी
चंदौली के सैयदराजा में जमीन विवाद को लेकर समाजवादी पार्टी के लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अंकित सिंह की गाड़ी में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। दबंगों पर घर में घुसकर धमकी देने का आरोप है। पुलिस जांच में जुटी है।
बगही कुम्भापुर गांव में जमीन विवाद में सपा नेता की गाड़ी तोड़ी
लोहिया वाहिनी राष्ट्रीय सचिव अंकित सिंह के घर में घुसे दबंग
विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी
गौरव सिंह और शुभम सिंह समेत अन्य लोगों पर लगा आरोप
सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी
चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत बगही कुम्भापुर गांव में जमीन विवाद को लेकर विवाद गहरा गया है। यहां समाजवादी पार्टी के लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अंकित सिंह की गाड़ी में तोड़फोड़ करने और घर में घुसकर गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस घटनास्थल का जायजा लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
घर में घुसकर गाड़ी तोड़ने और धमकी देने का आरोप
पीड़ित अंकित सिंह के मुताबिक, 28 अगस्त की शाम वह अपने घर पर सो रहे थे। तभी अचानक कुछ लोग उनके घर के परिसर में घुस आए और बाहर खड़ी उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने लगे। आवाज सुनकर जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने पर आमादा हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी और बंदूक से फायर करने की बात भी कही।

नामजद आरोपियों के खिलाफ दी गई तहरीर
अंकित सिंह ने अपनी लिखित तहरीर में गौरव सिंह और शुभम सिंह समेत कुछ अन्य अज्ञात लोगों पर घटना को अंजाम देने का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि इन दोनों की पहचान उन्होंने खुद की है। इसके अलावा कुछ अन्य आरोपी पंडित दीनदयाल नगर (मुगलसराय) के वार्ड नंबर चार के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित सपा नेता से पूरी जानकारी ली। क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि जमीन विवाद में घर में घुसकर गाड़ी तोड़ने और गाली-गलौज की शिकायत मिली है। तहरीर के आधार पर जांच जारी है, तथ्यों की पुष्टि होते ही मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







