जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सपा के विरोध प्रदर्शन पर दर्ज FIR का मामला: DM ने सपा नेताओं को दिया भरोसा, जल्दबाजी में नहीं होगी कोई गिरफ्तारी

चंदौली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर पार्टी नेताओं ने नाराजगी जताई है। शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मिलकर इन मुकदमों को तुरंत वापस लेने की मांग की।

 
 

सपा प्रतिनिधिमंडल ने की डीएम से मुलाकात

दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग

लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप

जल्दबाजी में गिरफ्तारी न करने का आश्वासन

 चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हाल ही में दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लेने की मांग अब तेज हो गई है। इस सिलसिले में शनिवार को पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल सीधे जिलाधिकारी (डीएम) के आवास पर पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में सांसद प्रतिनिधि और पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल थे, जिन्होंने डीएम से आमने-सामने मुलाकात कर धरना-प्रदर्शन के दौरान दर्ज की गई एफआईआर को तुरंत निरस्त करने की पुरजोर मांग उठाई।

जनहित के मुद्दों को उठाना गुनाह नहीं
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सपा नेताओं ने साफ कहा कि पार्टी की तरफ से किसानों, छात्रों, युवाओं और आम जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कार्यकर्ताओं और नेताओं पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जो कि नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा हनन है। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से ही जनता के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ती आई है और आगे भी लड़ती रहेगी।

मामूली नोकझोंक को बनाया गया मुद्दा
पार्टी के जिला सचिव और बहादुरपुर के पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव ने इस कार्रवाई पर गहरी आपत्ति जताते हुए कहा कि कार्यकर्ता केवल जनता की बुनियादी समस्याओं को लेकर शांतिपूर्वक अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच मामूली कहासुनी और नोकझोंक हुई थी, जिसे आधार बनाकर कई लोगों के खिलाफ मुकदमा ठोक दिया गया। जनहित के मुद्दों को उठाने वाले निर्दोष कार्यकर्ताओं को इस तरह निशाना बनाना किसी भी नजरिए से सही और न्यायसंगत नहीं है।

डीएम ने दिया विधिक कार्रवाई का आश्वासन
इस मुलाकात के बारे में जानकारी देते हुए व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मोनू जायसवाल ने बताया कि जिलाधिकारी ने सपा प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों और चिंताओं को बेहद गंभीरता से सुना है। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि इस पूरे मामले की विधिक प्रक्रिया के तहत निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और न्यायोचित कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने नेताओं को भरोसा दिलाया कि इस मामले में किसी भी कार्यकर्ता की जल्दबाजी में गिरफ्तारी नहीं की जाएगी। वहीं, सपा नेताओं ने दो टूक कहा है कि जब तक मुकदमे वापस नहीं होते, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*