चंदौली में चूहा और छछूंदर नियंत्रण अभियान का दूसरा चरण शुरू
संचारी रोगों की रोकथाम के लिए कोशिश
जिला कृषि रक्षा अधिकारी स्नेह प्रभा ने दी जानकारी
31 जुलाई 2025 तक चलेगा पूरा अभियान
चंदौली जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। जिला कृषि रक्षा अधिकारी स्नेह प्रभा ने जानकारी दी है कि जनपद में चूहा और छछूंदर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान का द्वितीय चरण 1 जुलाई से प्रारंभ हो चुका है, जो आगामी 31 जुलाई 2025 तक चलेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे जागरूकता कार्यक्रम
कृषि विभाग द्वारा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में चूहा एवं छछूंदर से निपटने के लिए प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांवों में बैठकों का आयोजन कर किसानों और ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है कि किस प्रकार चूहा एवं छछूंदर से फैलने वाले रोगों से बचाव किया जा सकता है।
स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पाइरोसिस से सतर्क रहने की अपील
जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि चूहा और छछूंदर से स्क्रब टाइफस तथा लेप्टोस्पाइरोसिस जैसे गंभीर जीवाणु जनित संक्रामक रोग फैलते हैं, जो ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष तौर पर खतरनाक हो सकते हैं। इसके लिए लोगों को साफ-सफाई रखने, खेतों और घरों के आसपास बिलों को नष्ट करने और उचित नियंत्रण उपायों को अपनाने की सलाह दी गई है।
जनभागीदारी से अभियान को मिलेगी सफलता
कृषि विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। ग्रामीणों की भागीदारी से ही इन खतरनाक जीवों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा और संचारी रोगों को फैलने से रोका जा सकेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






