जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

विश्व दृष्टि दिवस पर चंदौली पुलिस की अनूठी पहल: SP आकाश पटेल ने मासूम बच्चों के साथ बांटी खुशियां, जाना उनका हुनर

विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर चंदौली पुलिस लाइन में दृष्टिबाधित बच्चों के साथ एक संवेदनशील कार्यक्रम आयोजित हुआ। एसपी आकाश पटेल ने बच्चों के साथ वक्त बिताकर उनका उत्साहवर्धन किया और लोगों से 'नेत्रदान महादान' का संकल्प लेने की अपील की।

 
 

चंदौली पुलिस लाइन में विश्व दृष्टि दिवस का आयोजन

एसपी आकाश पटेल ने दृष्टिबाधित बच्चों से किया संवाद

अमर ज्योति सेवा केंद्र के बच्चों ने गाया स्वागत गीत

ब्रेल लिपि और विशेष शिक्षण पद्धति की ली जानकारी

एसपी ने शिक्षकों को शॉल देकर किया सम्मानित

विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन चंदौली में चंदौली पुलिस द्वारा एक बेहद संवेदनशील और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल ने दृष्टिबाधित बच्चों के साथ आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके हुनर व सपनों के बारे में विस्तार से जाना।

sp-celebrates-world-sight-day-visually-impaired-kids

"Love Your Eyes, Save Your Sight" का दिया संदेश
यह कार्यक्रम मार्गदर्शी संस्था (अमर ज्योति सेवा केंद्र, रवैहेरा) के विशेष सहयोग से आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य “Love Your Eyes, Save Your Sight” के संदेश के साथ आंखों की सुरक्षा, दृष्टिबाधित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता और “नेत्रदान महादान” के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत से हुई, जिसकी एसपी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

sp-celebrates-world-sight-day-visually-impaired-kids

बच्चों के बाल-सुलभ सवालों के एसपी ने दिए आत्मीय जवाब
कार्यक्रम के दौरान दृष्टिबाधित बच्चों ने पुलिस अधीक्षक से बाल-सुलभ अंदाज में कई रोचक सवाल पूछे। एसपी ने भी आत्मीयता से बातचीत करते हुए उनके सपनों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शारीरिक कमी की मोहताज नहीं होती, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

sp-celebrates-world-sight-day-visually-impaired-kids

ब्रेल लिपि और शिक्षण पद्धति को समझा
पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के साथ आए शिक्षकों से बातचीत कर यह समझा कि दृष्टिबाधित बच्चे ब्रेल लिपि के माध्यम से किस प्रकार पढ़ाई करते हैं तथा संगीत व अन्य कौशल सीखते हैं। शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इन बच्चों को शिक्षा, अवसर और सम्मान देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

'नेत्रदान महादान' का दिया संदेश, गुरुजनों का किया सम्मान
अपने संबोधन में एसपी ने कहा कि आंखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं और हमारे एक छोटे से संकल्प (नेत्रदान) से किसी के जीवन में नई रोशनी आ सकती है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बच्चों को लंच पैकेट बांटे और शिक्षकों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*