जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

TC काउंटर साइन को लेकर बीआरसी पर हंगामा, स्कूल प्रबंधन ने BEO पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप

चंदौली में टीसी पर काउंटर साइन कराने को लेकर यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल प्रबंधन और खंड शिक्षा अधिकारी सदर के बीच विवाद हो गया है। प्रधानाचार्य ने बीईओ पर दुर्व्यवहार व मान्यता रद्द करने की धमकी का आरोप लगाया है, वहीं बीईओ ने आरोपों को खारिज किया है।

 
 

टीसी काउंटर साइन को लेकर बीआरसी पर विवाद

यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने की बीएसए से शिकायत

बीईओ सदर पर दुर्व्यवहार और धमकी का आरोप

बीईओ ने आरोपों को नकारा, बताई प्रक्रिया की कमी

बीएसए ने सोमवार तक जांच का दिया आश्वासन

चंदौली जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय में गुरुवार को यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल (गौतम नगर सती बाग) के प्रधानाचार्य हरिहर विश्वकर्मा और प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने पहुंचकर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) सदर के खिलाफ शिकायती पत्र सौंपा। स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि छात्रा की टीसी पर काउंटर साइन कराने के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने हस्ताक्षर करने से साफ मना कर दिया और विद्यालय की मान्यता समाप्त कराने की धमकी देते हुए अभद्र व्यवहार किया।

tc-counter-sign-dispute-beo-sadar-and-school-complaint

रजिस्टर फेंकने और धमकी देने का आरोप
प्रधानाचार्य हरिहर विश्वकर्मा के अनुसार, वर्ष 2018 में कक्षा पांच उत्तीर्ण करने वाली छात्रा श्रेया श्रीवास्तव की टीसी पर काउंटर साइन की आवश्यकता थी। इसी सिलसिले में 27 जुलाई 2026 को वे बीआरसी कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि बीआरसी कर्मचारी संदीप ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी ने मान्यता की प्रति मांगी है। तत्काल प्रति न होने पर कथित रूप से रजिस्टर फेंकते हुए हस्ताक्षर करने से मना कर दिया गया। अगले दिन मान्यता की प्रति देने के बाद भी काउंटर साइन नहीं किया गया और विवाद खड़ा हो गया।

खण्ड शिक्षा अधिकारी ने खारिज किए आरोप
दूसरी ओर, खंड शिक्षा अधिकारी सदर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिषदीय विद्यालयों में टीसी जारी करने का इस तरह का कोई सीधा प्रावधान नहीं है। छात्रहित में केवल शपथपत्र के आधार पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है, लेकिन संबंधित विद्यालय द्वारा आवश्यक शपथपत्र उपलब्ध नहीं कराया गया था। इसके अलावा विद्यालय की मान्यता की जांच प्रक्रियाधीन होने के कारण हस्ताक्षर नहीं किए गए थे। उन्होंने किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार से इनकार किया।

बीएसए ने दिया जांच और कार्रवाई का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन और स्कूल प्रबंधन की बातें सुनीं। बीएसए ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आगामी सोमवार तक आवश्यक विधिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस आश्वासन के बाद ही स्कूल एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल शांत हुआ।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*