रिटायर रेलकर्मी के घर बड़ी सेंधमारी, छत पर सोता रहा परिवार, सेंध लगाकर लाखों के गहने और नकदी लेकर चोर फरार
चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर गांव में चोरों ने सेवानिवृत्त रेलकर्मी के घर से नकदी, सोने के आभूषण और पीतल के बर्तन पार कर दिए। घटना के समय परिजन छत पर सो रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेवानिवृत्त रेलकर्मी के घर चोरी
दीवार में सेंध लगाकर वारदात
लाखों रुपये के आभूषण पार
तालाब के पास मिला सामान
चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत केशवपुर गांव में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की देर रात शातिर चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए सेवानिवृत्त रेलकर्मी शिवकुमार के मकान को अपना निशाना बनाया। घटना के वक्त परिवार के लोग छत पर सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोर मकान के पीछे से दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हो गए। चोर दो कमरों को खंगालकर लाखों रुपये के आभूषण, नकदी व अन्य कीमती सामान लेकर चंपत हो गए।
रात के सन्नाटे में दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात शिवकुमार का परिवार भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए मकान की छत पर सोया हुआ था। हालांकि, बाद में परिवार के कुछ सदस्य नीचे आकर दूसरे कमरे में सो गए थे। इसी बीच चोरों ने घर के पिछले हिस्से से दीवार में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने बिना किसी आहट के दो कमरों में रखी अलमारी के ताले तोड़े और उसमें रखे कीमती सामान को समेटकर बड़े आराम से फरार हो गए।
सुबह बिखरा सामान देख उड़े परिजनों के होश
रविवार की सुबह जब परिवार के लोग कमरों में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। अलमारी खुली पड़ी थी और सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था। परिजनों ने जब जांच की तो अलमारी में रखे सोने के दो झुमके, एक सोने की बाली, पीतल के कई महंगे बर्तन और करीब 20,000 रुपये नकद गायब मिले। परिजनों के अनुसार, चोरी गए कुल सामान की कीमत लाखों रुपये में है।
तालाब के पास मिला कुछ सामान, ग्रामीणों में नाराजगी
घटना की जानकारी तुरंत डायल-112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। छानबीन के दौरान गांव के पास स्थित एक तालाब के किनारे चोरों द्वारा छोड़ा गया कुछ सामान बरामद हुआ। हालांकि, सोने के मुख्य आभूषण और नकद राशि अभी भी गायब हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और लोग पुलिस गश्त पर सवाल उठा रहे हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में सदर कोतवाल बिंदेश्वरी पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में अभी परिजनों से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







