जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

व्यापारी सुरक्षा बैठक में गूंजा मुगलसराय का मुद्दा: व्यापार मंडल ने उठाई मुआवजे और पुनर्वास की मांग, PWD पर लगाया लापरवाही का आरोप

चंदौली पुलिस लाइन में आयोजित व्यापारी सुरक्षा बैठक में मुगलसराय के व्यापारियों के मुआवजे, चंधासी व चकिया में जाम की समस्या और बाजारों में सुरक्षा कैमरे लगाने जैसे अहम मुद्दों पर तीखी चर्चा हुई। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

 
 

मुगलसराय में पुनर्वास की रूपरेखा अधूरी

पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से बढ़ा खतरा

बाजारों में सुरक्षा कैमरे अनिवार्य करने पर जोर

चकिया शमशेर ब्रिज पर जाम से मुक्ति की मांग

चंदौली जिला स्थित पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार, 21 मई 2026 को दोपहर 2:00 बजे एक अत्यंत महत्वपूर्ण व्यापारी सुरक्षा बैठक का आयोजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनंत चंद्रशेखर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अपर जिलाधिकारी (ADM) रतन वर्मा और अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल सतीश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिले भर के व्यापारियों की समस्याओं और उनकी सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान जिले के व्यापारियों का नेतृत्व उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने किया।

traders-safety-meeting-mughalsarai-compensation-issue

मुआवजे और पुनर्वास की रूपरेखा न बनने से रोजी-रोटी का संकट, PWD पर फूटा गुस्सा
बैठक को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने शासन और प्रशासन की उदासीनता पर गहरा रोभ प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही व्यापारियों की सुरक्षा और हितों की बात करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों के ढुलमुल रवैये के कारण मुगलसराय के प्रभावित व्यापारियों को अब तक मुआवजा नहीं मिल सका है। न ही उन्हें कहीं अन्यत्र पुनःस्थापित करने की कोई ठोस रूपरेखा तैयार की गई है, जिससे पीड़ित परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

अग्रहरि ने आगे कहा कि पिछले एक महीने से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के सबसे बड़े बाजार में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा की गई तोड़फोड़ के कारण आम जनता को जरूरी सामान खरीदने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। पीडब्ल्यूडी की लापरवाही के कारण दुकानों को ध्वस्त करने के बाद मलबा सड़कों पर ही छोड़ दिया गया है, जिससे रोजाना हादसों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने मनमाने तरीके से काम करने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने और मलबे को तत्काल हटाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने सभी बाजार अध्यक्षों से सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की।

प्रमुख चौकियों पर CUG नंबर देने की मांग
बैठक में व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल ने एक महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि जिले की सभी प्रमुख पुलिस चौकियों पर एक समर्पित सीयूजी (CUG) मोबाइल नंबर होना बेहद जरूरी है ताकि आपातकाल में व्यापारी सीधे पुलिस से संपर्क कर त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें। उन्होंने मुगलसराय बाजार की भीषण जाम समस्या से भी अधिकारियों को अवगत कराया।

वहीं, प्रदेश संगठन मंत्री अशोक केशरी ने सैदुपुर बाजार में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने और चकिया से जुड़े सभी छोटे-बड़े ग्रामीण बाजारों में पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग (गश्त) बढ़ाने की मांग की। वरिष्ठ जिला महामंत्री राकेश मोदनवाल ने चकिया के शमशेर ब्रिज पर लगने वाले क्रॉनिक जाम का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि कोतवाली के बगल वाले रास्ते को दिन के समय केवल 'वन-वे' (One-Way) कर दिया जाए, तो आम जनता को इस भीषण जाम से काफी हद तक राहत मिल जाएगी।

traders-safety-meeting-mughalsarai-compensation-issue

शहाबगंज में व्यापारियों ने खुद लगाए कैमरे, प्रशासन ने दिया हरसंभव मदद का आश्वासन
बैठक के दौरान जिला महामंत्री महमूद आलम ने एक सराहनीय पहल की जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए शहाबगंज बाजार के मुख्य तिराहे पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आपसी सहयोग से नए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। उन्होंने अन्य बाजारों के प्रतिनिधियों से भी इस मॉडल को अपनाने का आग्रह किया। जिला मंत्री डॉ. सत्यप्रकाश वर्मा ने सुझाव दिया कि स्थानीय पुलिस प्रशासन और व्यापार मंडल को संयुक्त रूप से हर बाजार में सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाना चाहिए।

व्यापारियों की इन तमाम शिकायतों और सुझावों को अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और एडीएम रतन वर्मा ने बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने व्यापारियों को पूर्ण सुरक्षा और सहयोग का भरोसा देते हुए संबंधित थानों और विभागों को इन समस्याओं के तत्काल और समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश जारी किए।

इस महत्वपूर्ण बैठक में शंकर प्रसाद गुप्ता, रामजियावान यादव, गुरदीप सिंह, राजकुमार पाल, छोटेलाल जायसवाल, गणेश बाबा, लालसाहब, आफताब इदरीसी, दीपक प्रजापति, प्रदीप कुमार, अनिल जायसवाल, मनोज चौहान, भानु यादव, ज्ञानप्रकाश, कन्हैया सेठ और बसंत गुप्ता सहित जिलेभर से आए सैकड़ों की संख्या में गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*