जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को दिए निर्देश
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बैठक संपन्न
कटरिया अंडरपास पर निकास मार्ग बनाने की मांग
NHAI को समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश
चंदौली जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
आपको बता दें कि बैठक में उद्यमियों ने कटरिया अंडरपास के निकट हाइवे से सर्विस रोड पर जाने हेतु निकास मार्ग की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने NHAI के अधिकारियों को समस्या का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र में नए सब-स्टेशन निर्माण हेतु चिन्हित भूमि पर कब्जा सुरक्षित करने और जल्द टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य शुरू करने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया।
उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल के प्रकरणों और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए और सभी का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए।

बैठक में औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में लटक रहे बिजली के तारों और विद्युत खंभों की ऊँचाई बढ़ाने के विषय पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव को संबंधित विभाग से समन्वय कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही, उद्यमियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र की अधूरी सड़कों का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निवेश और निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियंता विद्युत, रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के उद्यमीगण समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








