जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली में उल्लास-नव भारत साक्षरता परीक्षा संपन्न, 815 केंद्रों पर 5932 शिक्षार्थियों ने दी परीक्षा, महिलाओं की 74% भागीदारी

चंदौली में उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत 815 केंद्रों पर परीक्षा हुई। कुल 5932 शिक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें 4408 महिलाएं शामिल रहीं। महिलाओं की भागीदारी 74% रही। परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।

 
 

815 केंद्रों पर हुई उल्लास साक्षरता परीक्षा

 5932 शिक्षार्थियों ने दी बुनियादी साक्षरता परीक्षा

 4408 महिलाओं ने दिखाई भागीदारी, 74% रही संख्या

 जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का संयुक्त आयोजन

 नोडल अधिकारियों ने केंद्रों का किया निरीक्षण

आज दिनांक 20 सितंबर 2026 को भारत सरकार एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम' के अंतर्गत असाक्षर शिक्षार्थियों के बुनियादी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा का सफल एवं निष्पक्ष आयोजन किया गया।

जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह परीक्षा जिले के कुल 815 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर चहल-पहल देखी गई।

ullas-literacy-exam-5932-appeared-74-percent-women

5932 शिक्षार्थियों ने दिखाई भागीदारी

इस मूल्यांकन परीक्षा में जिले भर से कुल 5932 शिक्षार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी साक्षरता का प्रदर्शन किया। समाज के वंचित वर्गों एवं प्रौढ़ शिक्षार्थियों में पढ़ाई के प्रति एक नया उत्साह देखने को मिला।

कई केंद्रों पर बुजुर्ग शिक्षार्थी भी परीक्षा देते नजर आए। परीक्षा दोपहर 3:30 बजे तक चली। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से हुई।

ullas-literacy-exam-5932-appeared-74-percent-women

महिला सशक्तिकरण की बनी मिसाल

आज की परीक्षा में महिला सशक्तिकरण की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिली। कुल 5932 परीक्षार्थियों में से 4408 महिलाएं तथा 1524 पुरुष प्रतिभागी रहे।

यानी इस परीक्षा में महिलाओं की भागीदारी 74 प्रतिशत रही। महिलाओं की यह विशाल उपस्थिति दर्शाती है कि 'उल्लास' कार्यक्रम के माध्यम से नारियां आत्मनिर्भरता और साक्षरता की ओर तेजी से कदम बढ़ा रही हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई महिलाएं घर के कामकाज के बाद परीक्षा देने पहुंचीं।

नोडल अधिकारियों ने किया निरीक्षण

परीक्षा को पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी 815 केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में शिक्षक और कर्मचारी तैनात किए गए थे।

नोडल अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की टीमों ने विभिन्न केंद्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।

क्या है उल्लास कार्यक्रम

उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर लोगों को बुनियादी साक्षरता प्रदान करना है। इसके तहत उन्हें पढ़ना, लिखना और हिसाब-किताब की बुनियादी जानकारी दी जाती है।

जिले में इस कार्यक्रम को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिल रहे हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*