बीएड प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूरी, 31 मई को 14 केंद्रों पर कड़े पहरे में परीक्षा देंगे 6320 अभ्यर्थी
चंदौली में 31 मई को होने वाली उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6320 अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे, जिसके लिए एडीएम न्यायिक ने अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।
31 मई को बीएड प्रवेश परीक्षा
जिले में बनाए गए 14 केंद्र
कुल 6320 छात्र देंगे परीक्षा
दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा
एडीएम न्यायिक ने की समीक्षा बैठक
चंदौली जिले में उत्तर प्रदेश बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026-2027 के शांतिपूर्ण और सफल संचालन के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (एडीएम) न्यायिक रतन वर्मा की अध्यक्षता में एक आवश्यक प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई।

अधिकारियों ने लिया नकलविहीन परीक्षा कराने का संकल्प
इस उच्च स्तरीय बैठक में सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य व नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार पाण्डेय तथा जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेंद्र कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान परीक्षा के सफल संपादन से जुड़े तमाम जरूरी दिशा-निर्देशों पर गहन मंथन किया गया। जिले के सभी 14 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों, केंद्र प्रतिनिधियों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों और पर्यवेक्षकों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विस्तार से प्रशिक्षित किया गया। सभी जिम्मेदार अधिकारियों ने शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन संपन्न कराने का संकल्प लिया।
दो पालियों में परीक्षा देंगे परीक्षार्थी, शासन रखेगा नजर
सकलडीहा पीजी कॉलेज के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार पाण्डेय ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के कुल 14 निर्धारित केंद्रों पर 6320 छात्र-छात्राएं दो पालियों में इस प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था और सघन चेकिंग अभियान को चाक-चौबंद रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ-साथ शासन स्तर से भी विशेष पर्यवेक्षकों के माध्यम से पूर्ण सहयोग मिल रहा है। इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में जिले के सभी संबंधित केंद्रों के केंद्राध्यक्ष और प्राचार्य अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








