जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

UP बोर्ड परीक्षा 2026: नकल हुई तो केंद्राध्यक्ष पर दर्ज होगी FIR, नए नियमों से परीक्षा केंद्रों पर मचा हड़कंप

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। इस बार नकल रोकने के लिए शासन ने कड़े नियम बनाए हैं, जिसके तहत गड़बड़ी मिलने पर केंद्राध्यक्षों पर भी FIR दर्ज होगी। चंदौली प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

 
 

नकल होने पर केंद्राध्यक्ष पर होगी FIR

उत्तर पुस्तिकाओं पर लगेगा सेंटर कोड

82 केंद्रों पर 2500 सीसीटीवी कैमरे तैनात

18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेंगी परीक्षाएं

63,755 परीक्षार्थी परीक्षा में होंगे शामिल

चंदौली जिले में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आज यानी 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। चंदौली जनपद में जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकल विहीन और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इस बार बोर्ड ने नियमों में ऐसे बदलाव किए हैं, जिससे परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों (केंद्राध्यक्षों) के बीच दहशत का माहौल है।

Image

नया नियम: केंद्राध्यक्षों पर भी गिरेगी गाज
इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि यदि किसी केंद्र पर सामूहिक नकल या अनियमितता पाई जाती है, तो न केवल नकल करने वालों पर बल्कि संबंधित केंद्र के अध्यक्ष (केंद्राध्यक्ष) पर भी सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज की जाएगी। इसके अलावा, एक और महत्वपूर्ण बदलाव कॉपियों को लेकर किया गया है। अब उत्तर पुस्तिकाओं पर परीक्षा केंद्र का नाम नहीं छपा होगा, बल्कि उसकी जगह केंद्र के विशिष्ट कोड की मोहर लगाई जाएगी। इन कड़े प्रावधानों ने केंद्राध्यक्षों की जिम्मेदारी और चिंता दोनों बढ़ा दी है।

कंट्रोल रूम से 2500 कैमरों की लाइव निगरानी
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहाँ से जिले के सभी 82 परीक्षा केंद्रों की 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी। पूरे जनपद में करीब 2,500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े हैं।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि जनपद में 06 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 82 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी और रात्रि निगरानी के लिए विशेष फ्लाइंग स्क्वायड (टीम) गठित की गई है।

चंदौली में परीक्षार्थियों का गणित
इस वर्ष जिले में कुल 63,755 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

हाईस्कूल: कुल 31,715 परीक्षार्थी (15,833 छात्र और 15,882 छात्राएं)।

इंटरमीडिएट: कुल 32,040 परीक्षार्थी (17,160 छात्र और 14,880 छात्राएं)।

12 मार्च 2026 तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए राजकीय और वित्त पोषित विद्यालयों के वरिष्ठ अध्यापकों को बाह्य केंद्र व्यवस्थापक के रूप में तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोरतम विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*