UP बोर्ड परीक्षा के लिए बन गए 82 केंद्र, 63 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं देंगे परीक्षा
चंदौली में यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण
82 केंद्रों होगी हाईस्कूल-इंटर की परीक्षा
जिले में 63 हजार से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह का दावा
चंदौली जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा–2026 को लेकर जनपद चंदौली में केंद्र निर्धारण की कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है। बोर्ड ने जिले के लिए कुल 82 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है। केंद्र निर्धारण के साथ ही परीक्षा प्रक्रिया की तैयारियाँ भी तेज हो गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में विद्यालय संचालकों तथा अधिकारियों के बीच केंद्र व्यवस्था, परीक्षा संचालन और छात्र क्षमता जैसे मुद्दों पर विस्तार से मंथन शुरू हो चुका है।
जनपद में कुल 283 विद्यालय और 63,082 विद्यार्थी
चंदौली जिले में इस सत्र कुल 283 माध्यमिक विद्यालय पंजीकृत हैं, जिनमें 9 राजकीय विद्यालय, 32 सहायता प्राप्त विद्यालय तथा शेष 41 अन्य वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 31,663 तथा इंटरमीडिएट के 31,419 छात्र शामिल होंगे। दोनों को मिलाकर कुल 63,082 विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार छात्र संख्या में लगभग 25,023 का इजाफा हुआ है, जिससे परीक्षा केंद्रों के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का दायरा भी बढ़ गया है।
82 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिला स्तर पर परीक्षा केंद्र आवंटन में संतुलन बनाए रखते हुए यूपी बोर्ड ने कुल 82 केंद्र निर्धारित किए हैं। इनमें 9 राजकीय विद्यालय,
32 एडेड (सहायता प्राप्त) कॉलेज और 41 वित्तविहीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इन केंद्रों के ऑनलाइन प्रकाशन के बाद विद्यालय संचालकों ने दूरी अधिक होने, तथा क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को आवंटित किए जाने जैसी संभावित आपत्तियों के संकेत दिए हैं। हालांकि अब तक किसी भी संस्था द्वारा औपचारिक लिखित आपत्ति नहीं दर्ज कराई गई है। निर्धारित तिथि के भीतर आई आपत्तियों पर डीआईओएस कार्यालय द्वारा निस्तारण कर रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाएगी।
सभी जगह सीसीटीवी व स्ट्रांग रूम की तैयारी पूर्ण
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरे, बैंच–डेस्क मानक अनुपात, तथा परीक्षा नियंत्रण कक्ष जैसी सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिन परीक्षा केंद्रों को ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत केंद्र बनाया गया है और उनकी आधारभूत सुविधाओं का जांच नहीं हुआ है तो उन केंद्रों का जिला स्तरीय टीम द्वारा जांच कराया जाएगा ।उन्होंने यह भी बताया कि 1 दिसंबर से लेकर 4 दिसंबर तक ऑनलाइन आपत्ति डाली जाएगी जिनका निस्तारण जिला समिति द्वारा करने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नियमानुसार नकलविहीन परीक्षा कराना प्राथमिक लक्ष्य है, इसलिए केंद्र प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही केंद्रों के निरीक्षण के लिए फ्लाइंग स्क्वाड और मॉनिटरिंग टीम तैनात की जाएगी।
अब निगाहें कैसे रुकेगी नकल
परीक्षा केंद्र निर्धारण के साथ ही अगला चरण नकल रहित परीक्षा संचालन का है। जिले में परीक्षा में बैठने वाले विद्यार्थियों की बड़ी संख्या देखते हुए प्रशासन के सामने जिम्मेदारी भी बड़ी होगी। परीक्षा के दौरान कक्षानुसार निगरानी, रैंडम चेकिंग, संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता और तकनीकी मॉनिटरिंग से अपेक्षा है कि परीक्षा निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
अब देखना यह है कि 82 परीक्षा केंद्रों पर इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की परीक्षा किस तरह नकल विहीन वातावरण में पूरी कराई जाती है। अभिभावक व विद्यालय प्रबंधन उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार परीक्षा व्यवस्था अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुचारु रहेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






