जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मिलेट्स बिजनेस पर सरकार देगी बंपर सब्सिडी: स्टोर, मोबाइल आउटलेट और प्रोसेसिंग सेंटर के लिए आवेदन शुरू

यूपी सरकार ने 'मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम' के तहत मोटे अनाज के बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। FPO, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को लाखों रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।

 
 

मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम ऑनलाइन आवेदन

प्रोसेसिंग सेंटर पर भारी सब्सिडी

मोबाइल आउटलेट को दस लाख

मिलेट्स स्टोर के लिए अनुदान

कृषि विभाग की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन

उत्तर प्रदेश शासन ने राज्य में मिलेट्स  के उत्पादन, प्रोसेसिंग, मार्केटिंग और इसके इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी योजना की शुरुआत की है। इस योजना का नाम 'उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम 2026-27' रखा गया है। इसके तहत सीड मनी, मिलेट्स प्रोसेसिंग और पैकिंग सेंटर, मिलेट्स मोबाइल आउटलेट तथा मिलेट्स स्टोर खोलने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। उप कृषि निदेशक भीमसेन ने बताया कि जिले के सभी इच्छुक आवेदक कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन करने की जरूरी तारीखें और समय सीमा
योजना के अलग-अलग घटकों का लाभ लेने के लिए सरकार ने समय सीमा तय कर दी है। मिलेट्स सीड मनी के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो चुकी है, जो 25 जून 2026 तक चलेगी। वहीं, जो लोग मिलेट्स प्रसंस्करण पैकिंग सह विपणन केंद्र, मिलेट्स मोबाइल आउटलेट और मिलेट्स स्टोर स्थापित करना चाहते हैं, वे 20 जून से 30 जून 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन दर्ज करा सकते हैं।

प्रोसेसिंग सेंटर और स्टोर पर लाखों का अनुदान
इस कार्यक्रम के तहत सरकार की तरफ से भारी-भरकम सब्सिडी दी जा रही है। सीड मनी के तहत चयनित FPO को अधिकतम 4 लाख रुपये का अनुदान मिलेगा। वहीं, राज्य में 4 मिलेट्स प्रोसेसिंग सेंटर बनाने का लक्ष्य है, जिसके लिए कुल लागत का 50 प्रतिशत (अधिकतम 47.50 लाख रुपये) का अनुदान दो किश्तों में दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मोटे अनाज को बेचने वाले 25 मिलेट्स मोबाइल आउटलेट्स के लिए FPO, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों (SHG) को 10 लाख रुपये तथा 10 मिलेट्स स्टोर्स की स्थापना के लिए 20 लाख रुपये का वित्तीय अनुदान नियमों और शर्तों के तहत दिया जाएगा।

पोर्टल पर जाकर ऐसे उठाएं योजना का लाभ
जनपद चंदौली के सभी प्रगतिशील कृषक उत्पादक संगठन (FPO), स्थानीय उद्यमी और स्वयं सहायता समूह (SHG) तय की गई अंतिम तारीख से पहले कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://agriculture.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और सरकार की इस बेहद लाभकारी योजना का सीधा फायदा उठा सकते हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*