जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

UP Police Exam:चंदौली के 11 परीक्षा केंद्रों पर होगी यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा, 24,768 अभ्यर्थी आजमाने जा रहे अपनी किस्मत

चंदौली जिले में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 24,768 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जानिए परीक्षा की गाइडलाइंस और सेंटरों की पूरी लिस्ट।

 
 

11 केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा

कुल 24,768 परीक्षार्थी होंगे शामिल

दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा

सीसीटीवी कैमरों की सख्त निगरानी रहेगी

अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर चंदौली जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में यह परीक्षा आगामी 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने जा रही है। परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने जिला स्तर पर कड़े इंतजाम किए हैं। इस परीक्षा में भाग लेने के लिए कुल 24,768 परीक्षार्थियों का पंजीकरण हुआ है।

दो पालियों में बैठेंगे परीक्षार्थी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
यह परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली का समय दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक तय किया गया है। परीक्षा को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रत्येक पाली में 4,128 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 11 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।

इन कॉलेजों को बनाया गया है परीक्षा केंद्र
प्रशासन की तरफ से जिले में जिन 11 स्कूलों और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनकी सूची भी जारी कर दी गई है। इनमें प्रमुख रूप से अशोक इंटर कॉलेज बबुरी, बाल्मीकि इंटर कॉलेज बलुआ, भारतीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बट्टी, गांधी राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सदलपुरा, इंटरमीडिएट कॉलेज मोदीनगर पीडीडीयू नगर, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली, नगर पालिका इंटर कॉलेज ब्लॉक ए और ब्लॉक बी, नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा तथा सकलडीहा इंटर कॉलेज सकलडीहा शामिल हैं।

कंट्रोल रूम से निगरानी और बड़े अधिकारियों की सख्त चेतावनी
डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने साफ लहजे में कहा है कि परीक्षा की शुचिता भंग करने या किसी भी प्रकार की अनियमितता में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी सेंटरों की बकायदा सीसीटीवी कैमरों से लाइव निगरानी की जाएगी, जिसे पुलिस लाइन में बने मुख्य कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

वहीं, एसपी आकाश पटेल ने कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर भ्रामक या अफवाहपूर्ण सूचनाएं फैलाने वालों पर पुलिस की साइबर सेल पैनी नजर रख रही है। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।

प्रदेश में तीन दिन होगी पुलिस भर्ती परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 पदों के लिए सिपाही भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जा रही है।  यह परीक्षा राज्य के सभी 75 जिलों में 1,183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर 12 और दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक में संपन्न होगी।   परीक्षा में पूरे प्रदेश में कुल 28 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हो रहे हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*